विज्ञापन

NDTV Poll of Polls: असम-पुडुचेरी में सत्ता बरकरार, केरल-तमिलनाडु में बदलाव की बयार... बंगाल में सस्पेंस का खेला

NDTV Poll of Polls के मुताबिक, पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में असम और पुडुचेरी में मौजूदा सरकारों की वापसी के संकेत हैं. जबकि एक्सिस माय इंडिया के अनुमान की मानें तो तमिलनाडु की DMK सरकार पर संकट के बादल दिख रहे हैं. विजय की पार्टी TVK बड़ा असर डाल सकती है. केरल में 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन के आसार हैं और पश्चिम बंगाल में TMC व BJP के बीच मुकाबला बेहद करीबी बताया गया है.

NDTV Poll of Polls: असम-पुडुचेरी में सत्ता बरकरार, केरल-तमिलनाडु में बदलाव की बयार... बंगाल में सस्पेंस का खेला
नई दिल्ली:

देश के पांच अहम राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे 4 मई को आएंगे. उससे पहले सामने आए NDTV Poll of Polls (सभी प्रमुख एग्जिट पोल का औसत) ने राजनीतिक तस्वीर को काफी हद तक स्पष्ट कर दिया है. पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक, पांच में से तीन राज्यों में मौजूदा सरकारों की वापसी के संकेत हैं, जबकि दो राज्यों में सत्ता परिवर्तन संभव बताया जा रहा है.

असम: NDA की लगातार तीसरी जीत के संकेत

126 सीटों वाली असम विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 है. NDTV Poll of Polls के अनुसार, NDA एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लौटती दिख रही है.

  • NDA को लगभग 92 सीटें मिलने का अनुमान
  • कांग्रेस गठबंधन के खाते में 28 सीटें
  • अन्य को करीब 6 सीटें
Latest and Breaking News on NDTV

अगर यह अनुमान नतीजों में तब्दील होता है, तो असम में भाजपा गठबंधन हैट्रिक लगाएगा और यह राज्य में उसका अब तक का सबसे मजबूत जनादेश माना जाएगा. AIUDF के इस बार खाता न खोल पाने की भी संभावना जताई गई है.

यह भी पढ़ें- AXIS MY INDIA ASSAM EXIT POLL: NDA पर हर जाति का भरोसा, 71% दलित तो 73% जनरल वोट

पश्चिम बंगाल: कांटे की टक्कर, आखिरी फैसला गिनती पर

294 सीटों वाले पश्चिम बंगाल में बहुमत के लिए 148 सीटें जरूरी हैं. पोल ऑफ पोल्स में यहां टीएमसी और बीजेपी के बीच जबरदस्त मुकाबला दिख रहा है.

  • TMC: 151 सीटें
  • BJP: 137 सीटें
  • कांग्रेस: 2 सीट
  • लेफ्ट: 1 सीट
  • अन्य: 3 सीट
Latest and Breaking News on NDTV

इस अनुमान के मुताबिक, ममता बनर्जी की टीएमसी बढ़त में जरूर है, लेकिन अंतर बेहद कम है. ऐसे में सरकार का फैसला कुछ ही सीटों से तय हो सकता है. यही वजह है कि बंगाल को इस चुनाव का सबसे दिलचस्प और अनिश्चित राज्य माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें- बंगाल में Axis My India ने क्यों नहीं जारी किया Exit Poll, तमिलनाडु में विजय की जीत के आधार क्या? प्रदीप गुप्ता ने बताया

केरल: 10 साल बाद सत्ता परिवर्तन के संकेत

140 सीटों वाले केरल में बहुमत का आंकड़ा 71 है. NDTV Poll of Polls के अनुसार, इस बार लेफ्ट फ्रंट (LDF) को झटका लग सकता है.

  • UDF (कांग्रेस गठबंधन): 75 सीटें
  • LDF: 60 सीटें
  • NDA: 4 सीटें
Latest and Breaking News on NDTV

अगर ये रुझान सही साबित होते हैं, तो केरल में एक दशक बाद सरकार बदल जाएगी और कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF सत्ता में लौटेगा। इसे लेफ्ट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

तमिलनाडु: विजय का असर, DMK की वापसी

234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए. यहां मुकाबला इस बार त्रिकोणीय दिख रहा है.
पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक 

  • DMK: 121 सीटें (सरकार की वापसी)
  • AIADMK+BJP: 79 सीटें
  • TVK (विजय की पार्टी): 31 सीटें
Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि सरकार DMK बनाती दिख रही है, लेकिन एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी TVK का प्रदर्शन सबसे बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है. पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही पार्टी का इतना प्रभाव राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है.

पुडुचेरी: NDA की स्थिति मजबूत

30 सीटों वाली पुडुचेरी विधानसभा में बहुमत के लिए 16 सीटें चाहिए. NDTV Poll of Polls के अनुसार 

  • NRC+ (NDA): 19 सीटें
  • कांग्रेस: 8 सीटें
  • TVK: 2 सीटें
  • अन्य: 1 सीट
Latest and Breaking News on NDTV

यहां NDA की सरकार दोबारा बनती दिख रही है, यानी केंद्र के सत्ताधारी गठबंधन का दबदबा केंद्रशासित प्रदेश में बरकरार रहने की संभावना है.

4 मई को साफ होगी तस्वीर

पांचों राज्यों की मतगणना 4 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। अगर एग्जिट पोल और पोल ऑफ पोल्स के अनुमान सही साबित होते हैं, तो असम में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी. तमिलनाडु में विजय की पार्टी राज्य की राजनीति में स्थायी खिलाड़ी बन सकती है. केरल में लेफ्ट का किला ढह सकता है और पश्चिम बंगाल में मुकाबला आखिरी राउंड तक बेहद रोमांचक रहेगा. अब सबकी निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जब इन अनुमानों की असली परीक्षा होगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com