विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2024

NDTV इलेक्शन कार्निवल : दिल्ली के शो में जीत को लेकर पक्ष-विपक्ष के दावे, जनता ने किए तीखे सवाल

भाजपा के चांदनी चौक सीट से उम्‍मीदवार प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वो करते हैं. उन्‍होंने कहा कि अब की बार 400 पार तो अबकी बार 400 पार.

नई दिल्‍ली:

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) को लेकर शनिवार को खास कार्यक्रम 'NDTV इलेक्शन कार्निवल' (NDTV Election Carnival) का आगाज हुआ. दिल्‍ली के रामलीला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा-कांग्रेस के नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्‍यारोप लगाए तो दोनों पार्टियों के नेताओं से जनता ने भी तीखे सवाल पूछे. कार्यक्रम में दिल्‍ली की चांदनी चौक सीट से भाजपा उम्‍मीदवार प्रवीण खंडेलवाल और शीला दीक्षित सरकार में मंत्री रह चुके कांग्रेस नेता हारून यूसुफ ने एक-दूसरे पर जमकर हमला बोला. 

भाजपा के चांदनी चौक सीट से उम्‍मीदवार प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वो करते हैं. उन्‍होंने कहा कि अब की बार 400 पार तो अबकी बार 400 पार. 400 पार में हर सीट का महत्‍व है.

खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल और उत्‍साह और पीएम मोदी का 10 साल का कार्यकाल और उसकी जितनी सफलताएं हैं, तो 400 पार आसान है. उससे ऊपर भी जा सकता है. 

PM मोदी ने बड़ी लकीर खींच दी है : खंडेलवाल

खंडेलवाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने इतनी बड़ी लकीर खींच दी है कि इनके यहां पर प्रधानमंत्री की चर्चा हो ही नहीं सकती है. 

सांसद बदलने के आरोपों पर दिया ये जवाब 

वहीं दिल्‍ली में छह सांसद बदलने के कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए उन्‍होंने कहा कि भाजपा वो पार्टी है, जिसमें संगठन में बहुत सारे आयाम हैं. जो मुझसे पहले थे, हो सकता है कि उन्‍हें किसी दूसरे आयाम में भेजा जाएगा और मुझे यहां काम करने का मौका दिया गया. उन्‍होंने कहा कि भाजपा में यह सामान्‍य प्रक्रिया है. इसीलिए हम कहते हैं कि सबसे ज्‍यादा डेमोक्रेटिक सैटअप अगर देश की किसी राजनीतिक पार्टी में है तो वो भाजपा में है. 

कांग्रेस और AAP के गठजोड़ पर साधा निशाना 

खंडेलवाल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठजोड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्‍ली में कांग्रेस को मजबूरी में उस पार्टी का जूनियर बनना पड़ रहा है, जिनके नेताओं ने इसी रामलीला मैदान में खड़े होकर उस वक्‍त मनमोहन सिंह से लेकर सोनिया गांधी से इन सब नेताओं पर आक्षेप लगाए थे. आज ये उस पार्टी की 'बी' टीम बनकर यहां बैठे हैं और इंतजार कर रहे हैं कि उसकी बैसाखियों पर दिल्‍ली में चलेंगे. 

साथ ही खंडेलवाल ने कहा कि वह चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल के कार्यकाल, सांसद हर्षवर्धन के लोकसभा क्षेत्र में किए असंख्‍य कार्य, दिल्‍ली सरकार द्वारा इस लोकसभा क्षेत्र की गहन उपेक्षा को लेकर घर-घर जा रहे हैं और लोगों को मोदी की गारंटी के बारे में बता रहे हैं.  

वहीं हारून यूसुफ ने दिल्‍ली की सभी सीटों पर अब तक सभी उम्‍मीदवार नहीं उतारे जाने पर कहा कि कांग्रेस पार्टी डेमोक्रेसी में विश्‍वास रखती है और सबसे चर्चा के बाद फैसला करती है. 

विपक्ष के चेहरे पर हारून यूसुफ ने दिया ये जवाब 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर बीजेपी चुनाव मैदान में है. ऐसे में जब हारून यूसूफ से विपक्ष के चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्‍होंने कहा, "एक तूफान है, एक भीड़ है जो दिख नहीं रही है. जब चुनाव खत्‍म होगा तो उन्‍हीं के बीच से ही एक आदमी चुना जाएगा जो इस देश का नेतृत्‍व करेगा." साथ ही उन्‍होंने कहा कि तमाम विपक्षी पार्टियां साथ हैं. 

भाजपा में शामिल हो रहे नेताओं पर बोले यूसुफ

वहीं हारून यूसुफ ने कहा कि भाजपा में लगातार शामिल हो रहे अन्‍य नेताओं के सवाल पर कहा कि जिन लोगों के नाम बड़े घोटाले में थे वो ऐसी वाशिंग मशीन में अंदर गए कि 25 में से 23 नेताओं को वाशिंग मशीन ने साफ करके भेज दिया. हालांकि उन्‍होंने कहा कि सभी घोटाले वाले नहीं है. उन्‍होंने कहा कि जिन लोगों के मन में और बहुत सी उम्‍मीदे हैं, और वो उम्‍मीदें पूरी नहीं हो रही है वो लोग जा रहे हैं.  

वाजपेयी सरकार की याद दिला यूसुफ ने कसा तंज 

यूसुफ ने विपक्षी पार्टियों को लेकर कहा कि तमाम पार्टियों का आज एक ही सिद्धांत है कि किस तरह से देश का संविधान बचाया जाए.  हारून यूसुफ ने बीजेपी पर तंज कसते हुए और 2004 की अटल बिहारी सरकार की याद दिलाते हुए कहा कि 2004 में भी हिंदुस्‍तान इसी तरह से चमका था. 

यूसुफ ने कहा कि मुझे यह कहते बहुत दुख होता है कि इस देश में हिंदू, मुसलमान, सिख ईसाई सभी को बांटने की राजनीति हो रही है. उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस तमाम धर्मों को साथ लेकर चली है और यह हिंदुस्‍तान का इतिहास रहा है, लेकिन जिस तरह का नेरेटिव पैदा करने की कोशिश की जा रही है, यह हिंदुस्‍तान की खुशहाली के लिए बहुत बड़ी चुनौती है. 

इस दौरान आम लोगों ने भी राजनेताओं से सवाल पूछे और तीखे सवाल उठाए. एक शख्‍स ने कहा कि मोदीजी सबको साथ लेकर चल रहे हैं और सारा देश इस बात को समझ रहा है. वहीं महिलाओं ने भी अपनी बात रखी. 

जानिए 'NDTV इलेक्शन कार्निवल' को 

बता दें कि 'NDTV इलेक्शन कार्निवल'  34 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 34 प्रमुख शहरों से होते हुए 5000 किलोमीटर की दूरी तय करेगा. एनडीटीवी नेटवर्क ने लोकसभा चुनाव से पहले नागरिकों से जुड़ने और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल की है.

एनडीटीवी इलेक्शन कार्निवल एक ट्रैवलिंग स्टूडियो है, जो नई दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के 34 शहरों से होकर गुजरेगा. इस मंच को जनता के साथ जुड़ने को लेकर डिज़ाइन किया गया है. इससे स्थानीय नेताओं और उनके समुदायों से संबंधित मुद्दों के बारे में समझने में मदद मिलेगी. सभी क्षेत्रों में वहां के राजनेता एनडीटीवी के एंकर के साथ सार्थक चर्चा करेंगे, जो मतदाताओं को चुनावी माहौल में अपने वोट के अधिकार को लेकर बेहतर समझ मुहैया करेगा.

ये भी पढ़ें :

* "...भारत दुश्मनों की मांद में घुस करके उन्हें ठिकाने लगाना जानता है" : योगी आदित्‍यनाथ
* KTR ने कांग्रेस के घोषणापत्र को बताया पाखंड, राहुल गांधी को दलबदलुओं पर कार्रवाई का दिया चैलेंज
* "तेजस्वी यादव को मुझसे नहीं देश की वर्तमान परिस्थति से डरने की जरूरत..." : कन्हैया कुमार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lok Sabha Elections 2024, NDTV Election Carnival, Delhi Lok Sabha Constituencies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com