विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2020

सुशांत सिंह राजपूत की 'पॉपुलैरिटी' पर NCP नेता माजिद मेमन ने किया ट्वीट, पार्टी को देनी पड़ी सफाई

माजिद मेमन ने बुधवार को एक ट्वीट कर कहा कि सुशांत सिंह राजपूत को उनकी मौत के बाद उनकी जिंदगी से कहीं ज्यादा पॉपुलैरिटी मिल रही है.

सुशांत सिंह राजपूत की 'पॉपुलैरिटी' पर NCP नेता माजिद मेमन ने किया ट्वीट, पार्टी को देनी पड़ी सफाई
सुशांत सिंह राजपूत को लेकर माजिद मेमन के ट्वीट पर उठा विरोध - फाइल फोटो
मुंबई:

बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में बिहार से लेकर महाराष्ट्र में राजनीति हो रही है. अब नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता माजिद मेमन ने इस मुद्दे पर एक बयान दिया है, जिसके बाद उनकी पार्टी को सफाई देनी पड़ी है. माजिद मेमन ने बुधवार को एक ट्वीट कर कहा कि सुशांत सिंह राजपूत को उनकी मौत के बाद उनकी जिंदगी से कहीं ज्यादा पॉपुलैरिटी मिल रही है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'सुशांत अपनी जिंदगी में उतने मशहूर नहीं थे, जितनी मौत के बाद हो गए हैं. मीडिया में उन्हें जितनी जगह मिल रही है, उतनी तो हमारे प्रधानमंत्री या फिर अमेरिका के राष्ट्रपति को भी नहीं मिलती होगी.'

उनके इस बयान पर विरोध उठने के बाद पार्टी के प्रवक्ता नवाब मलिक ने सफाई देते हुए पार्टी को किनारे कर लिया है. उन्होंने कहा कि माजिद मेमन का बयान उनका निजी बयान है और पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा, 'माजिद मेमन की ओर से ट्विटर पर दी गई टिप्पणी उनकी निजी टिप्पणी है, एनसीपी की नहीं. हमारी पार्टी उनके इस बयान को किसी भी तरह बढ़ावा या समर्थन नहीं देती है. सभी लोग इस बात पर भी ध्यान दें कि वो एनसीपी के प्रवक्ता नहीं हैं.'

बता दें कि 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके मुंबई के अपार्टमेंट में मिला था. मुंबई पुलिस ने कहा था कि उनकी मौत आत्महत्या करने से हुई है. इस मामले मुंबई पुलिस जांच कर रही है लेकिन चूंकि सुशांत बिहार के थे तो बिहार सरकार पर सीबीआई जांच का दबाव बन रहा था, जिसके बाद उसने इसके लिए सिफारिश की थी. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से कहा गया कि केंद्र ने मामले में सीबीआई जांच को लेकर सहमति दे दी है.

Video: सुशांत सिंह राजपूत का मामला अब राजनीतिक हो गया है : NDTV से बोले बिहार के DGP

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sushant Singh Rajput Death Case, NCP Leader Majeed Memon, NCP Spokesperson Nawab Malik
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com