dनागालैंड में मोन के तिजित में लगातार हुई भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. शनिवार तड़के मोन जिले के तिजित में लगातार बारिश के बाद अचानक जबरदस्त बाढ़ आ गई. जगह-जगह पानी भर गया और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. दिन चढ़ने के साथ, बाढ़ और भारी जलभराव की वजह से कई इलाकों में घर के अंदर पानी घुस गया. मोन-तिजित हाईवे (NH-712) भी आंशिक रूप से डूब गया, जिससे सड़क संपर्क टूट गया. मेडिकल और इंडस्ट्रियल इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां बाढ़ का पानी बढ़ने से कई लोग फंस गए.
भूस्खलन ने मचाया हाहाकार...
अधिकारियों ने लॉन्गलाम-ओटिंग सड़क पर भूस्खलन की भी जानकारी दी है. प्रभावित इलाके तक पहुंच न हो पाने की वजह से मशीनरी नहीं भेजी जा सकी, जिससे यात्री फंसे रह गए. भूस्खलन में आठ लोगों की मौत की आशंका जताई गई है. अब तक चार शव बरामद किए गए हैं. SDRF, असम राइफल्स और पुलिस खोज-बचाव अभियान में शामिल हैं.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भूस्खलन बहुत बड़ा है और प्रभावित इलाके में पानी का तेज बहाव है, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ रही है. इस रिपोर्ट को लिखे जाने तक, हताहतों और नुकसान की पूरी जानकारी का पता नहीं चल सका है.
रेस्क्यू में जुटीं कई विभागों की टीमें
जिला प्रशासन के मुताबिक, एडीसी कार्यालय में एक इंटीग्रेटेड कमांड पोस्ट बनाया गया है और पानी के तेज बहाव के बावजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है. बड़े पैमाने पर बचाव रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पुलिस, कई विभागों के कर्मचारी, कम्युनिटी फर्स्ट रिस्पॉन्डर और सिविल सोसाइटी संगठनों की टीमें जमीन पर रेस्क्यू के लिए तैनात हैं. इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक, करीब 500 घरों के प्रभावित होने की जानकारी मिली है.
ये भी पढ़ें: नागालैंड में भीषण लैंडस्लाइड... मलबे की चपेट में आए घर, 4 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
प्रशासन ने कहा कि स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, बचाव और राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की गई है. अधिकारियों ने निवासियों से खतरनाक ढलानों से दूर रहने की गुजारिश की है, क्योंकि मौसम को लेकर लगातार आशंकाएं बनी हुई हैं.
(इनपुट- Ratandeep)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं