- भारतीय मौसम विभाग ने 10 अगस्त को यूपी-बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
- दिल्ली-NCR, नोएडा, गाजियाबाद में भी सोमवार को बरसात की संभावना है. यहां तापमान में भी गिरावट देखी गई है.
- पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे में झमाझम बारिश के चांस हैं.
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के चलते देशभर के कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए यूपी, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान, ओडिशा समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. राजस्थान में रविवार को भारी बारिश हुई है, जबकि सोमवार को भी यहां तेज बरसात की संभावना है. इसी तरह से पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश का दौर जारी है. जिससे यहां भी लैंडस्लाइड की संभावना दिख रही है. ऐसे में यहां पर्यटकों समेत आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक पिछल एक हफ्ते से अच्छी बारिश होने से मॉनसून का कोटा भी तेजी से पूरा हो रहा है. दिल्ली में 8 दिनों में ही एक महीने की बरसात हुई है. जबकि दूसरे उत्तर पश्चिमी राज्यों में भी अगस्त के पहले हफ्ते में अच्छी बरसात हुई है.
पांच राज्यों के इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य प्रदेश, गुजरात समेत पांच राज्यों के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां पर अगले तीन घंटों में झमाझम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने यहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
- मध्य प्रदेश: आगर-मालवा, भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन
- गुजरात: छोटा उदयपुर, दाहोद, नर्मदा, पंचमहल
- उत्तराखंड: चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उधम सिंह नगर
- उत्तर प्रदेश: सहारनपुर
- हरियाणा: यमुनानगर
Realised rainfall during past 24 hours at 0830 hrs IST of today 10 August 2026 #RealisedRainfall #Monsoon2026 pic.twitter.com/BTwWAoGGYG
— India Meteorological Department (@Indiametdept) August 10, 2026
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव से बारिश
भारतीय मौसम विभाग IMD के ताजा अपडेट के अनुसार अगले कुछ घंटों में देश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है. उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी राज्यों तक 16 राज्यों में भारी बारिश आंधी का हाई अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बने दबाव की वजह से देशभर में मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते भूस्खलन और नदियों-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
इन राज्यों में आज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र और केरल में झमाझम बरसात होने के चांस हैं. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह बारिश वाले इलाकों में सावधानी बरते और यात्रा के दौरान भी सर्तकता बरते. पहाड़ी राज्यों में विशेष अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी में मॉनसून एक्टिव
यूपी में मॉनसून एक्टिव दिख रहा है. पिछले एक हफ्ते में झमाझम बारिश हुई है. नदियां उफान पर होने से कई जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने यूपी में 10 अगस्त के दिन प्रयागराज, फिरोजाबाद, कानपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, मेरठ, हापुड़, नोएडा, मथुरा, आगरा, बुलंदशहर, अलीगढ़, झांसी, इटावा, बलिया, बांदा, गोरखपुर और देवरिया में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है.
अगस्त के दूसरे हफ्ते में ऐसा रहेगा मौसम
- उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 9 से 11 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी.
- उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में 12 अगस्त तक मानसून का असर जारी रहेगा.
- पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, गुजरात, महाराष्ट्र में 10 से 12 अगस्त तक बरसात का अलर्ट रहेगा.
- कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु में भी मॉनसून 10 से 12 अगस्त तक सक्रिय रहेगा.
- देश के सभी हिस्सों में 10 से 13 अगस्त के बीच मॉनसून एक्टिव होने से अच्छी बारिश की संभावना रहेगी.
राजस्थान-मध्य प्रदेश में नदियां उफान पर
मध्य प्रदेश में भारी बारिश से नर्मदा और बेतवा नदी उफान पर चल रही हैं. एमपी के कई जिलों में 15 से 16 घंटों तक लगातार बारिश हुई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी तेज बारिश के चांस बताए हैं. इसी तरह से राजस्थान में भी पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है. जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली समेत 19 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है. 10 अगस्त को यहां तेज बारिश हो सकती है.
बिहार के इन राज्यों में अलर्ट
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने सोमवार को गया, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड की संभावना
पहाड़ों पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. उत्तराखंड में आज बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में बारिश की संभावना है. जबकि हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में तेज बारिश का अलर्ट है. इसी तरह से जम्मू-कश्मीर में पुंछ, मीरपुर, कुलगाम, जम्मू, कठुआ, शोपियां, डोडा, राजौरी, किश्तवाड़ और अनंतनाग में सोमवार को बारिश हो सकती है.
ये भी पढ़ेंः मॉनसून की धार ने बदली खेती की रफ्तार... बारिश की कमी हुई पूरी, खरीफ की बुआई में भी तेजी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं