38 साल तक पटना में रहकर रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पोषण करने वाले सौखी सहनी के पोते ने अब NEET UG 2026 के परीक्षा में परचम लहरा दिया है. अपने समाज ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है. आदित्य राज ने NEET UG परीक्षा में ऑल इंडिया 946 रैंक हासिल की है. 24 नवंबर, 2007 को मुजफ्फरपुर जिले के रतनौली गांव में आदित्य राज का जन्म हुआ है. हालांकि उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी. आदित्य राज के दादा सौखी सहनी पटना में 38 साल तक रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे.

NEET UG की परीक्षा में परचम लहराने वाले आदित्य राज की पढ़ाई घर के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय रतनौली से शुरू हुई थी. एक से कक्षा 5 तक की पढ़ाई पूरी की फिर गांव के ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय से आदित्य ने कक्षा 6 से 10वीं तक की पढ़ाई पूरी की. साल 2023 में बिहार बोर्ड से आदित्य ने मैट्रिक की परीक्षा पास की और परीक्षा में बाजी मारते हुए 91% मार्क्स प्राप्त किए.
इंटर की पढ़ाई मुजफ्फरपुर के RDS कॉलेज से शुरू की
बिहार बोर्ड से मैट्रिक की परीक्षा में बाजी मारने के बाद आदित्य राज ने साल 2023 में मुजफ्फरपुर के आरडीएस कॉलेज से इंटर की पढ़ाई शुरू की. साथ ही मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में स्थित आकाश कोचिंग सेंटर से NEET की तैयारी करने लगे. दूसरे प्रयास में आदित्य राज ने NEET UG की परीक्षा में ऑल इंडिया में 946 हासिल की. वहीं OBC में आदित्य राज ने 295 रैंक हासिल की है.
साइकिल से जाते थे कोचिंग
आदित्य राज ने बताया कि उनकी चाहत थी वो ये एग्जाम पास करें. साल 2023 से मिठनपुरा में स्थित आकाश कोचिंग सेंटर में अपना नामांकन कराया. यहां से NEET की तैयारी शुरू कर दी. आदित्य ने बताया कि उसकी पारिवारिक हालत ठीक नहीं थे. जिस कारण वह अपने घर से तकरीबन 15 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर कोचिंग जाते थे. फिर कोचिंग करने के बाद काफी देर तक कोचिंग में ही बैठ कर एक्स्ट्रा पढ़ाई करते थे. घर आकर भी 4 से 5 घंटे डेली पढ़ाई करते थे. अब उसकी मेहनत रंग लाई और दूसरे प्रयास में उसने NEET UG की परीक्षा में ऑल इंडिया में 946 में रैंक को हासिल कल ली.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं