महाराष्ट्र के कल्याण-डोंबिवली में सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट के बाद पुलिस ने आरोपी शिवसेना (शिंदे गुट) पार्षद रमेश म्हात्रे को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तारी के बाद पीड़ित डॉक्टर श्रुति बाविस्कर की मां संगीता बाविस्कर का दर्द और गुस्सा दोनों फूट पड़ा है. संगीता ने कहा कि वह पुलिस के इस कदम से खुश हैं, लेकिन इंसाफ तब तक अधूरा है जब तक पूरी कानूनी प्रक्रिया बिना किसी राजनीतिक दबाव के पारदर्शी तरीके से पूरी नहीं होती है.
संगीता बाविस्कर ने कहा, "ठीक है. अब अगर प्रशासन ने यह कदम उठाया है और उन्हें गिरफ्तार किया है, तो हम इससे खुश हैं. लेकिन जो भी कार्रवाई हो रही है, उसमें पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए. हमारी यही न्यायपूर्ण मांग है कि जो भी आगे की कानूनी कार्रवाई हो, वो पूरी तरह से सही ढंग से की जाए, उसमें कोई ढिलाई न बरती जाए."
'अपनी ही बेटी को सरेआम मार खाते देखना बेहद दर्दनाक था'
अस्पताल के भीतर अपनी बेटी और उसके साथियों के साथ मारपीट को लेकर मां संगीता बाविस्कर कहती हैं कि उनकी बेटी ने दिन-रात एक करके पढ़ाई की और आज इस मुकाम पर पहुंची है.
संगीता ने कहा, "यह बहुत ही हृदयविदारक घटना थी. मैंने अपनी बेटी को मार खाते हुए देखा, यह मेरे लिए बहुत तकलीफदेह और असहनीय था. आज मेरी बेटी पढ़-लिखकर इस मुकाम तक पहुंची है. लोगों की सेवा करना एक नेक पेशा है और अगर वो इस पेशे में है और ड्यूटी पर रहते हुए उसके साथ ऐसा होता है... तो यह समाज के लिए शर्मनाक है. वो तो मरीज के परिजनों को बस सही बात समझाने की कोशिश कर रही थी, वहां उसकी तरफ से कोई लापरवाही नहीं थी."
क्या है पूरा मामला?
डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में जब एक गर्भवती महिला की डिलीवरी को लेकर डॉक्टरों और मरीज के परिजनों के बीच कुछ बातचीत चल रही थी. डॉक्टरों ने मरीज की स्थिति को देखते हुए और नवजात शिशु को विशेष देखभाल (NICU) की जरूरत को ध्यान में रखकर उसे दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी थी.
रेफर करने की इसी बात को लेकर मरीज के परिजन भड़क गए. इसके बाद शिवसेना शिंदे गुट के कॉर्पोरेटर रमेश म्हात्रे अपने कई समर्थकों और गुंडों के साथ जबरन अस्पताल के भीतर घुस आए. उन्होंने अस्पताल के सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वहां ऑन-ड्यूटी मौजूद महिला डॉक्टर श्रुति बाविस्कर, दो अन्य डॉक्टरों और तीन नर्सों के साथ मारपीट की. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था.
यह भी पढ़ें: महिला डॉक्टर को पीटने के आरोप में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, घर से ले गई पुलिस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं