विज्ञापन

मुंबई में ड्रग्स तस्करी का नया खेल! युवा-बुजुर्गों का इस्तेमाल, हर थाना क्षेत्र में 5-7 ‘ब्लैक स्पॉट’

वर्तमान में मुंबई में गांजे की मांग सबसे ज्यादा है और इसकी धड़ल्ले से बिक्री हो रही है. स्लम झुग्गी-झोपड़ी इलाकों में ड्रग्स का कारोबार सबसे ज्यादा सक्रिय है.

मुंबई में ड्रग्स तस्करी का नया खेल! युवा-बुजुर्गों का इस्तेमाल, हर थाना क्षेत्र में 5-7 ‘ब्लैक स्पॉट’
मुंबई पुलिस

मुंबई पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग फ्री मुंबई' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. 20 जुलाई 2026 से जारी इस अभियान और केंद्र सरकार के ‘नशामुक्त भारत' अभियान के तहत 15 और 16 अक्टूबर को विशेष धरपकड़ अभियान चलाया गया. इस दौरान 72 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 29 फरार और वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 40 आरोपियों पर गैर-जमानती वारंट के तहत प्रिवेंटिव कार्रवाई की गई. पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में कुल 19.87 करोड़ रुपये की जब्ती हुई और 15.96 किलो ड्रग्स बरामद किए गए. इनमें MD, गांजा, मेफेड्रोन, हेरोइन/ब्राउन शुगर, चरस, LSD पेपर, कोकीन, हशीश और हाइड्रोपोनिक गांजा शामिल है. इसके अलावा 86.96 किलो प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और 9.47 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए.

पुलिस की जांच में सामने आया कि शहर में ड्रग्स की बिक्री के लिए बुजुर्ग महिलाओं और 20 से 28 साल के युवाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है. इनपुट के मुताबिक, मुंबई में गांजे की मांग ज्यादा है और स्लम व झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में ड्रग्स का कारोबार अधिक सक्रिय है. पुलिस जांच में चार संगठित गिरोहों के ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है, जिनके खिलाफ MCOCA के तहत कार्रवाई की गई है. सात आरोपियों को PIT-NDPS एक्ट के तहत एक साल के लिए नासिक जेल भेजा गया है. वहीं, NDPS मामलों से जुड़े आरोपियों के 20 अवैध घरों को ध्वस्त किया गया है और 145 अवैध पानी के कनेक्शन काटे गए हैं.

नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ मुंबई पुलिस जागरूकता अभियान भी चला रही है. स्कूलों, कॉलेजों, गणेशोत्सव और नवरात्रि के दौरान 9,031 जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए 9.83 लाख लोगों तक नशे के खिलाफ संदेश पहुंचाया गया. पुलिस ने लोगों से ड्रग्स से जुड़ी जानकारी MANAS-1933 हेल्पलाइन पर देने की अपील की है.

ये भी पढ़ें : क्या है SSR, जिसका चुनाव आयोग ने SIR पर विवाद के बीच किया ऐलान; वोटरों को इससे क्या फायदा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Police, Drugs
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com