- सितंबर के मध्य तक देश में मॉनसून की बारिश औसत से लगभग 15 प्रतिशत कम रही है
- दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की कमी सबसे अधिक रही है, जहां औसत से लगभग 28 प्रतिशत कम वर्षा हुई है
- मेघालय में इस वर्ष मॉनसून के दौरान सबसे अधिक कमी दर्ज की गई है, बारिश में लगभग 59 प्रतिशत की कमी हुई है
देशभर में एक बार फिर से मौसम बदल सकता है. 19 सितंबर 2026 के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के लौटने के लिए स्थितियां अनुकूल हो रही हैं. भारत मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह पूर्वानुमान जताया है.
इसके साथ ही 03 जून को शुरू हुआ मॉनसून सीजन अब आखिरी पड़ाव में पहुंच गया है. भारत मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 17 सितम्बर तक इस मॉनसून सीजन के दौरान देशभर में औसत से 15% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.
सबसे कम बारिश दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में दर्ज की गई है जहां औसत से 28% कम बारिश हुई है, जबकि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश की कमी इस सीजन के दौरान 25% रही है. कृषि के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण उत्तर-पश्चिमी भारत के राज्यों में मॉनसून की बारिश औसत से 10% हुई है, जबकि मध्य भारत के इलाके में बारिश की कमी 6% रही है.

देश में सबसे अधिक बारिश वाले राज्य मेघालय में इस साल मॉनसून सीजन के दौरान सबसे कम बारिश हुई है. वहां बारिश की कमी देश में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड की गयी है. त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड को छोड़कर पूरे उत्तर-पूर्वी भारत में औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गयी है.

मॉनसून की कमी झेल रहे राज्य
मेघालय : -59%
आंध्र प्रदेश : - 42%
पंजाब : - 39%
बिहार : - 36%
कर्नाटक : - 30%
केरल : - 28%
असम : - 25%
तमिलनाडु : - 23%
राजस्थान : - 22%
हरियाणा : - 22%
तेलंगाना : - 20%
मॉनसून के लौटने की प्रक्रिया शुरू होने का मतलब है इन राज्यों में कि बारिश की कमी की भरपाई अब संभव नहीं है. इस सीजन के दौरान, औसत से कम बारिश का सीधा असर खरीफ की अहम फसलों की बुआई पर पड़ा है.


कृषि मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 18 सितम्बर, 2026 तक देशभर में खरीफ फसलों की बुआई पिछले साल से 15.05 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में रिकॉर्ड की गयी है. सबसे ज्यादा असर चावल की फसल की बुआई पर पड़ा है जो पिछले साल के मुकाबले 18 सितम्बर, 2026 तक 16.64 लाख हेक्टेयर (-3.73%) घट गया है.
यह भी पढ़ें: गुजरात में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, पानी-पानी हुआ अहमदाबाद, 5 जिलों में IMD का रेड अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं