विज्ञापन
21 days ago

गुरग्राम हिट एंड रन केस मामले में आरोपी कल्याण बैंसला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इससे पहले कल्याण बैंसला पर दर्ज एफआईआर के मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई गई थी. 

live update

Delhi University Election: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के चुनाव लिए आज वोटिंग शुरू हो चुकी है. चुनावी प्रचार, आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब थम चुका है. अब दिल्ली विश्वविद्यालय के 1.51 लाख से ज्यादा छात्र आज अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले हैं.. विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली थी. ताकि किसी तरह की स्थिति न बिगड़े. चार केंद्रीय पदों के प्रत्याशियों के लिए आज दिल्ली विश्वविद्यालय के 1 लाख 51 हजार 842 मतदाता वोटिंग करेंगे. मतगणना के बाद शनिवार को रिजल्ट जारी होगा.

live update

जम्मू में जर्जर और असुरक्षित इमारतों की पहचान के लिए विशेष अभियान शुरू

जम्मू नगर निगम ने जन सुरक्षा के तहत एक बड़ी पहल करते हुए शुक्रवार को पूरे शहर में जर्जर, खतरनाक और ढांचागत रूप से असुरक्षित इमारतों के सर्वेक्षण का आदेश दिया. इस अभियान में विशेष रूप से पुराने शहर और उन संस्थागत इमारतों पर ध्यान दिया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं या इकट्ठा होते हैं.

निगमायुक्त देवांश यादव ने कहा कि निगम को पिछले कुछ समय से पुराने शहर में जर्जर और असुरक्षित ढांचों के बारे में शिकायतें मिल रही थीं, जिनका जोखिम मानसून के दौरान विशेष रूप से बढ़ जाता है.

बरगाई लैंड स्कैम केस में CM हेमंत सोरेन का हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका

झारखंड हाई कोर्ट ने बरगाईं जमीन घोटाले मामले में डिस्चार्ज याचिका खारिज करने के स्पेशल PMLA कोर्ट के फैसले के खिलाफ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की इंटरवेंशन याचिका (IA) को खारिज कर दिया.

इस IA के जरिए, CM सोरेन ने PMLA कोर्ट की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की थी, क्योंकि यह मामला अभी आरोप तय करने के चरण में है.

इस साल जून में, रांची की स्पेशल PMLA कोर्ट ने ED की दलीलों के आधार पर माना था कि सोरेन के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है और उनकी डिस्चार्ज याचिका खारिज कर दी थी.

अपनी याचिका खारिज होने के बाद, CM के कल PMLA कोर्ट में पेश होने की संभावना है.

नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार गिरफ्तार, ममता बनर्जी ने आज ही दिया था समर्थन

बंगाल पुलिस ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को हत्या के एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है. कुछ घंटे पहले ही ममना बनर्जी ने ऐलान किया था कि वे नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस का समर्थन करेंगी.

तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की रिंग, CM विजय शुरू करेंगे योजना

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 28 सितंबर को सरकारी अस्पतालों में नवजात शिशुओं के लिए 1 ग्राम सोने की अंगूठी देने की योजना शुरू करेंगे. 22 सितंबर के बाद पैदा हुए बच्चे इस योजना के लिए पात्र होंगे. 1.28 लाख अंगूठियां पहले ही खरीदी जा चुकी हैं. तमिलनाडु की माताओं के नवजात बच्चे इसके लिए पात्र होंगे.

PM मोदी और UAE के राष्ट्रपति की हुई फोन पर बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को UAE के राष्ट्रपति का फोन आया. UAE के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी. दोनों नेताओं ने भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की. UAE के राष्ट्रपति ने भारत की सफल BRICS अध्यक्षता के लिए प्रधानमंत्री को बधाई दी. दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

कन्नड़ जिले का नाम बदलकर होगा मंगलुरु, कर्नाटक कैबिनेट का बड़ा फैसला

कर्नाटक कैबिनेट ने कई बड़े फैसले किए हैं. तुलु को कर्नाटक की अतिरिक्त आधिकारिक भाषा घोषित किया गया. तुलु भाषा के प्रशिक्षण और अनुवाद से जुड़ी गतिविधियों के लिए हर साल ₹82 लाख दिए जाएंगे. कैबिनेट ने दक्षिण कन्नड़ ज़िले के पुत्तूर में एक मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी दी है.

कैबिनेट ने दक्षिण कन्नड़ ज़िले का नाम बदलकर मंगलुरु करने के लिए एक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी करने का फैसला किया है. जिले का नाम बदलने पर जनता की राय जानने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा.

हूती हमलों को लेकर क्या बोला विदेश मंत्रालय?

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम रेड सी इलाके में सुरक्षा हालात बिगड़ने को लेकर बहुत चिंतित हैं. हमने सऊदी अरब के इलाके में आम नागरिकों और आर्थिक संपत्तियों पर हुए हमलों की निंदा की है. भारत ने पवित्र शहर मक्का पर हमले की कोशिश की भी निंदा की. ऐसे हमले इलाके की सुरक्षा को खराब करते हैं, शांति और सुरक्षा पर बुरा असर डालते हैं और बाब अल-मंदेब से जहाजों की आवाजाही की आजादी के लिए भी खतरा पैदा करते हैं. 

युवराज सिंह मनचंदा मर्डर केस में दो लोग गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 31 साल के युवराज सिंह मनचंदा की हत्या के मामले में उत्तराखंड से उनकी पूर्व ऑफिस कलीग अन्या वत्स और उनके साथी संयम सचदेवा को गिरफ्तार किया है.

कल्याण बैंसला और लवनीश नहीं कर रहे सहयोग

कल्याण बैंसला और लवनीश को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है. बताया जा रहा है कि दोनों पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं. बाद में कड़ी पूछताछ के बाद इन्होंने दो और नाम बताए अनूप कुमार और श्रीकांत विश्वकर्मा, इन दोनों लोगों से भी SIT  ने पूछताछ करके बयान दर्ज करवा लिया है. पुलिस की जांच चल रही है लेकिन अब तक दो अन्य लोगों के खिलाफ कोई आरोप नहीं है. दो दिनों की पूछताछ में कई सीसीटीवी फुटेज लिए गए एक क्राइम सीन क्रिएट करवाया गया है. 

कल्याण बैंसला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

कल्याण बैंसला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गुरुग्राम हिट एंड रन मामले वह आरोपी है. पलवल में आज उसके समर्थन में महापंचायत भी बुलाई गई है. यह घटना फिलहाल देशभर में चर्चा में है. गुरुग्राम पुलिस ने उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया था.

पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी

बिहार में पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. मामला सामने आते ही हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सक्रिय हो गईं. कोर्ट परिसर को खाली कराया जा रहा है और पूरे परिसर में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. धमकी की सूचना के बाद अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है. पुलिस यहां जांच में जुटी है. 

अहमदाबाद में भारी बारिश

अहमदाबाद में भारी बारिश से पूरा शहर पानी-पानी नजर आ रहा है. गुजरात में भी मौसम विभाग ने आज रेड अलर्ट जारी किया है. गुजरात में बीते कुछ घंटों में सबसे ज्यादा बारिश अहमदाबाद में हुई है, जिससे यहां सड़कों पर पानी भरा हुआ नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे बारिश के लिहाज से अहम बताए हैं. 

ABVP चारों सीटें जीतेगी: आर्यन मान

DUSU अध्यक्ष आर्यन मान ने DUSU चुनाव पर कहा 'इस साल विद्यार्थी परिषद सबसे पहले PG और हॉस्टल के लिए लड़ाई लड़ेगी. हमारी यह मांग है कि यूनिवर्सिटी में रेंट कंट्रोल एक्ट आना चाहिए और यूनिवर्सिटी में बाहर से आए छात्रों के लिए हॉस्टल खुलने चाहिए, यही हमारी प्रमुख मांग रहेगी. आज पुलिस का छात्रों के साथ अच्छा समन्वय है. जिस तरीके से पिछले एक साल में हमने काम किया, छात्र विद्यार्थी परिषद को पसंद कर रहे हैं. इस साल मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं कि विद्यार्थी परिषद 4-0 से विजयी रहेगी. 

डीयू छात्र संघ चुनाव की वोटिंग शुरू

दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ की वोटिंग शुरू हो चुकी है. 1.51 लाख से ज्यादा छात्र वोटिंग का इस्तेमाल करेंगे. खास बात यह है कि सुबह की क्लास वाले छात्रों को वोटिंग के लिए अलग से समय दिया गया है. आज वोटिंग के बाद कल शनिवार को रिजल्ट जारी किया जाएगा. NSUI और ABVP की तरफ से इस बार पूरी ताकत लगाई गई है. प्रचार का तरीका भी इस बार बदला नजर आया. पोस्टर और बैनरों की जगह AI से ज्यादा प्रचार किया गया है. 

गुरुग्राम हिट एंड रन केस पर पलवल में महापंचायत

गुरुग्राम हिट एंड रन केस मामले में आज हरियाणा के पलवल में महापंचायत का आयोजन किया गया है.  कुसलीपुर स्थित गुर्जर धर्मशाला में यह महापंचायत बुलाई गई है. जहां कल्याण बैसला के समर्थन में यह आयोजन होगा. इस आयोजन में क्षेत्रवासियों और 36 बिरादरी के लोगों को आने की अपील की गई है.

दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की वोटिंग

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए आज वोटिंग होगी. 1 लाख 51 हजार 842 मतदाता वोटिंग से चार केंद्रीय पदों के प्रत्याशियों की किस्मत तय कर देंगे. दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं. चुनावी प्रचार का शोरगुल थम चुका है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi University Election, Gurugram Hit-and-run, Weather Today, Monsoon Rainfall, Live Update News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com