- मॉनसून की हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, रांची और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रहा है
- 23 जून तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में मॉनसून पहुंच जाएगा
- 21 जून तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है
Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल चुका है. दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश के आसार हैं. वहीं मध्य भारत, बिहार और झारखंड तक मॉनसून ने दस्तक दे दी है. इस साल मॉनसून की रफ्तार सामान्य से कम है. जून महीने में बारिश कम हो रही है. मौसम विभाग ने कई जगहों पर आंधी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. आइए बताते हैं कि मॉनसून कहां तक पहुंचा है और यह दिल्ली समेत देश के बाकी हिस्सों में कब तक पहुंचेगा.
कहां तक पहुंचा मॉनसून?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा फिलहाल हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फूलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं.

कहां कब पहुंचेगा मॉनसून
Photo Credit: IMD
इसके अलावा 21 जून तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही इस हफ्ते उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 तारीख तक, बिहार में 22 तारीख तक, और महाराष्ट्र व तेलंगाना में 20 जून, 2026 तक कुछ जगहों पर लू चलने की बहुत संभावना है.

कल कहां कैसा रहेगा मौसम?
Photo Credit: IMD
आने वाले 7 दिनों में मॉनसून का क्या अपडेट?
- अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय: 19 जून से ही काफी व्यापक बारिश का अलर्ट
- नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा: 19 से 21 जून और फिर 24-25 जून के दौरान बारिश के आसार
- जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख: 20 से 22 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट
- कोंकण और गोवा: 22 से 25 जून के दौरान पूरे इलाके में भारी बारिश का अलर्ट
- तटीय कर्नाटक, केरल और माहे: 21 जून से 25 जून के दौरान लगातार भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने वाली है. आईएमडी के अनुसार आगामी तीन दिनों तक एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. कल यानी 20 जून को मौसम और अधिक सुहावना होने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान में सीधी 4 डिग्री की गिरावट दर्ज होगी और यह 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है. 21 जून को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा. बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को तपिश से राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली NCR में 2 दिन आंधी, बारिश, 10 राज्यों में मौसम मचाएगा तूफान, जानें कहां-कहां बरसेंगे बदरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं