दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत के इलाकों में गर्मी का सितम जारी है. वहीं दक्षिण भारत के बाद अब मध्य भारत तक मॉनसून की एंट्री हो चुकी है. मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की रफ्तार इस साल धीमी है. मॉनसून में सामान्य से कम बारिश हो रही है. इसे लेकर मौसम वैज्ञानिक चिंता जता रहे हैं. 01 जून से 18 जून के बीच देश में औसत से 40% कम बारिश दर्ज की गई है. इस साल जून महीने के दौरान देश में अब तक औसत से काफी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.
जून में 40 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 01 जून से 18 जून के बीच देश में बारिश औसत से 40% कम रिकॉर्ड की गई है. आमतौर पर 01 जून से 17 जून के बीच देश में औसतन 80.6 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन इस साल अब तक सिर्फ 48.5 मिलीमीटर बारिश हुई है.

जून में सामान्य से कम बारिश
Photo Credit: IMD
सबसे कम बारिश मध्य भारत क्षेत्र में दर्ज की गई है, जहां 01 जून से 18 जून के बीच औसत से 63% कम बारिश दर्ज की गई है.
वहीं दूसरी सबसे ज्यादा बारिश की कमी पूर्वी और उत्तरपूर्वी भारत में देखी गई जहां इन 18 दिनों के दौरान औसत से 46% कम बारिश हुई है.
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की कमी 21% रही, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत देश का एकमात्र क्षेत्र रहा जहां बारिश औसत से 2% ज्यादा रिकॉर्ड की गई है.

कहां कितनी हुई बारिश?
Photo Credit: IMD
क्यों कम हो रही बारिश?
इसकी एक बड़ी वजह दक्षिण-पश्चिम मॉनसून का धीमा पड़ना है. मॉनसून ने इस साल तीन दिन की देरी से केरल में दस्तक दी और पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र और पूर्वी भारत के राज्यों में इसके आगे बढ़ने की रफ्तार थम गई है. उदाहरण के लिए, मॉनसून के मुंबई पहुंचने की नार्मल डेट 11 जून है, लेकिन इसके 7 दिन बाद भी मॉनसून मुंबई नहीं पहुंचा है.
मॉनसून पर ताजा क्या अपडेट?
भारत मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं.
यह भी पढ़ें: आज फिर आंधी, बारिश का अलर्ट, यूपी-दिल्ली से राजस्थान तक 5 दिन बदलेगा मौसम, मॉनसून में देरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं