- मोगा के गांव धल्लेके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी किराना दुकान में घुस गयी जिसमें एक युवक की मौत हो गयी
- घटना रात करीब दस बजे हुई जब सुखवीर दुकान से दूध लेने गए थे और गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी
- स्कॉर्पियो में सवार 5 युवक नशे में थे, टक्कर के बाद 4 आरोपी फरार हैं वहीं 1 को गिरफ्तार कर लिया गया
पंजाब के मोगा जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला. बुधवार देर रात गांव धल्लेके में एक बेकाबू स्कॉर्पियो गाड़ी घर के अंदर बनी किराना दुकान में जा घुसी. इस भीषण हादसे में 22 वर्षीय सुखवीर सिंह की मौत हो गई. पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे सुखवीर सिंह दुकान से दूध लेने आए थे. तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए सीधे दुकान के अंदर जा घुसी और वहां पलट गई. टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई.
दुकान मालिक राजकुमार ने बताया कि हादसा कुछ ही सेकंड में हो गया. गाड़ी इतनी तेजी से आई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. घटना के समय दुकान के बाहर और भी लोग थे, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई. हादसे के समय स्कॉर्पियो में 5 युवक सवार बताए जा रहे हैं, जो कथित रूप से नशे में धुत थे.
टक्कर के बाद गाड़ी पलटते ही 4 युवक मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़ा गया युवक गांव खोसा रणधीर का रहने वाला बताया जा रहा है. मृतक के भाई लखबीर सिंह ने बताया कि सुखवीर सैलून का काम करते थे, शादीशुदा थे और तीन साल के बेटे के पिता थे.
उन्होंने कहा कि हादसे के बाद सुखवीर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि बचे हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें-: महिला का गला रेत 65 लाख के गहने लूटे, बगल में लेटे पति को भनक नहीं लगी, ऐसे पकड़ा गया हत्यारा पड़ोसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं