विज्ञापन

मथुरा: घुप्‍प अंधेरा, खतरनाक मोड़, तेज रफ्तार! रजबहा में गिरी कार और काल के गाल में समा गए 4 युवक

Mathura Road Accident: बताया जा रहा है कि चारों युवक डीग के गांव बरौली चौथ में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों का सफर मातम में बदल गया.

मथुरा: घुप्‍प अंधेरा, खतरनाक मोड़, तेज रफ्तार! रजबहा में गिरी कार और काल के गाल में समा गए 4 युवक
मथुरा में तेज रफ्तार और अव्‍यवस्‍था ने ली 4 युवाओं की जान

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रजबहा (नहर) में गिर गई. हादसा मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया इलाके में हुआ, जहां तीव्र मोड़ और सुरक्षा इंतजामों की कमी को दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को नहर से बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है.

रात का अंधेरा, खतरनाक मोड़ 

पुलिस के मुताबिक कस्बा महावन के बलदेवगढ़ मोहल्ले निवासी राहुल (23), उनके चचेरे भाई मोहित (21) और अमित (23) अपने एक दोस्त के साथ कार से गोवर्धन होते हुए राजस्थान के डीग जिले में सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे. कार अमित चला रहा था. रात का समय होने और खतरनाक मोड़ पर चेतावनी संकेत न होने के कारण चालक को सामने मौजूद जानलेवा रजबहा का अंदाजा नहीं लग सका और पलक झपकते ही कार पानी में समा गई.

न स्‍पीड ब्रेकर, न ही कोई चेतावनी बोर्ड 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के प्रति सिस्टम की लापरवाही पहले भी हादसों का कारण बन चुकी है. हादसे के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह डूब चुकी थी. ग्रामीणों ने किसी तरह चारों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी.

...तो टल सकता था हादसा, बच जातीं जानें

गांव के लोगों के अनुसार अगर कार में मौजूद युवकों को खतरनाक मोड़ का पहले से अंदाजा होता तो शायद हादसा टल सकता था. बताया जा रहा है कि चारों युवक डीग के गांव बरौली चौथ में आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों में खुशियों का सफर मातम में बदल गया.

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com