विज्ञापन

मेरी पूरी दुनिया खत्म तो कैसी माफी? 'Sorry' बोलने वाले आरोपी के पिता से साहिल की मां का चुभता सवाल

दिल्ली के द्वारका में एक नाबालिग की 'रील' बनाने की सनक और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में अपने जवान बेटे साहिल धनेश्रा को खो दिया.

मेरी पूरी दुनिया खत्म तो कैसी माफी? 'Sorry' बोलने वाले आरोपी के पिता से साहिल की मां का चुभता सवाल
  • दिल्ली के द्वारका में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने नाबालिग की रील बनाने की कोशिश में साहिल धनेश्रा की जान ले ली
  • साहिल की मां इन्ना माकन ने आरोपी के पिता से माफी को अस्वीकार करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी खत्म हो गई है
  • आरोपी के पिता नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के दिन वे कुशीनगर में थे और घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पहुंचे

"न मेरे लिए अब सुबह बची है, न शाम... न काम पर जाने की वजह है और न ही सोकर उठने का कोई कारण. मेरी पूरी दुनिया ही खत्म हो गई, तो अब माफी किस बात की?" ये शब्द उस मां के हैं, जिसने दिल्ली के द्वारका में एक नाबालिग की 'रील' बनाने की सनक और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में अपने जवान बेटे साहिल धनेश्रा को खो दिया.

"क्या उनकी माफी से मेरा बेटा लौट आएगा?"

एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में आरोपी नाबालिग के पिता ने साहिल की मां इन्ना माकन से माफी मांगी है. लेकिन एक मां के लिए, जिसने अपना सब कुछ खो दिया हो, 'माफी' शब्द किसी जख्म पर नमक छिड़कने जैसा है. माफी के सवाल पर NDTV से बात करते हुए इन्ना माकन ने कहा, "किस बात की माफी? मेरी जिंदगी खत्म कर देने की? क्या माफी इसलिए मांगी जा रही है क्योंकि अब यह मामला मीडिया में आ गया है? मैं उनकी माफी स्वीकार न करने के लिए माफी चाहती हूं." 

इन्ना माकन ने रुंधे गले से सवाल किया कि अगर यही हादसा उनके (आरोपी के) बच्चे के साथ होता, तो क्या वे माफी स्वीकार कर पाते? उन्होंने साफ कहा कि अब वे उन रील्स को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि उनकी इस लापरवाही ने एक मां के जीने का सहारा छीन लिया.  मेरी दुनिया उनकी माफी से वापस नहीं आ सकती… मैं क्या करूं? न मेरे लिए सुबह बची है, न शाम… न काम पर जाने की वजह, न उठने का कारण. क्या आपको लगता है मेरी जिंदगी कभी सामान्य हो पाएगी? पूरी चार्जशीट आने तक मैं कुछ भी नहीं कह सकती.”

यह भी पढ़ें- साहिल की मौत का कौन जिम्मेदार, नाबालिग कैसे चला रहा था कार? आरोपी के पिता ने कहा- I am Sorry


हादसे वाले दिन कुशीनगर में थे आरोपी के पिता, फोन पर मिली जानकारी

इससे पहले आरोपी के पिता नरेंद्र सिंह ने NDTV से बात करते हुए बताया, "3 फरवरी को जब यह हादसा हुआ, तब मैं कुशीनगर में था.  31 जनवरी को बिजनेस से जुड़े काम से मैं गोरखपुर के पास कुशीनगर गया था. 3 फरवरी को भी मैं कुशीनगर में ही था. मेरी वाइफ को 3 फरवरी को फोन आया कि बच्चे का एक्सीडेंट हो गया. वो घबरा गई. फिर उन्होंने फोन कर मुझे बताया. जिसके बाद मैं घबरा गया." 

घायल को तुरंत हॉस्पिटल ले जाओ... आरोपी के पिता ने पत्नी से कहा था

आरोपी के पिता ने आगे बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही मैंने पूछा क्या हुआ, कैसे हुआ? इसके बाद मेरी वाइफ घटनास्थल (लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज) पर पहुंची. मैंने मिसेज को बोला कि जिस बाइक वाले को टक्कर लगी है, उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाओ. फिर मैंने तुरंत फ्लाइड का टिकट किया और शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचा. यहां आते ही मैं सीधे थाने पहुंचा. जहां पुलिस वालों ने घटना के बारे में पूरी जानकारी दी.  

आरोपी के पिता बोले- मुझे उस बच्चे की मौत का बेहद अफसोस

आरोपी ने पिता ने कहा कि थाने पर कानूनी प्रक्रिया में पुलिस ने मुझसे जो मांगा, वो सब दिया. उन्होंने यह भी कहा कि थाने पर हादसे में जान गंवाने वाले लड़के (साहिल) के परिचित हमें धमका रहे थे. इस पर जब NDTV रिपोर्टर ने कहा कि जिस परिवार के बेटे की मौत हो गई, वो धमका रहे थे... इस पर आरोपी के पिता ने कहा कि मुझे उस बच्चे की मौत का बेहद अफसोस है.
 

लेखक के बारे में
img
इशिका वर्मा
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dwarka Accident, Delhi Fatal Crash, Reel Making Accident Delhi, Teen Speeding Scorpio, Delhi Teen Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com