विज्ञापन

बंगाल में पीएम मोदी की सभा में घुस गए मोबाइल चोर, सैकड़ों फोन उड़ा डाले; धरने पर बैठे लोग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अप्रैल को आसनसोल के पोलो ग्राउंड में एक चुनावी सभा की लेकिन इसमें शामिल कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए. मोहन सिंह की रिपोर्ट.

बंगाल में पीएम मोदी की सभा में घुस गए मोबाइल चोर, सैकड़ों फोन उड़ा डाले; धरने पर बैठे लोग
पुलिस थाने के सामने धरना दे रहे लोग
NDTV

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार 9 अप्रैल को चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल गए थे जहां उन्होंने दो चुनावी सभाएं कीं. प्रधानमंत्री ने पहले पूर्वी मेदिनीपुर के शहर हल्दिया में रैली की और इसके बाद उन्होंने पश्चिम मेदिनीपुर के आसनसोल में एक चुनावी सभा की.  पीएम मोदी ने आसनसोल में पोलो ग्राउंड में सभा को संबोधित किया. लेकिन आसनसोल में प्रधानमंत्री की सभा में शामिल हुए बहुत सारे लोगों को गहरा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि उनके मोबाइल फोन चोरी हो गए. इसके बाद लोगों ने जमकर विरोध किया.

लगभग 300 लोगों के मोबाइल फोन चोरी

बताया जा रहा है कि आसनसोल में आयोजित प्रधानमंत्री की सभा में मोबाइल फोन चोर भी शामिल हो गए और उन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर सभा में प्रधानमंत्री को सुनने आए लोगों के फोन चुरा लिए. स्थानीय लोगों का दावा है कि सभा के दौरान लगभग 300 से अधिक मोबाइल फोन चोरी हुए हैं. जानकारी के अनुसार कल रात तक लगभग 50 लोगों ने हीरापुर थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई है. लेकिन थाने में शिकायत करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. 

प्रधानमंंत्री मोदी की रैली के लिए भारी भीड़ जुटी थी

प्रधानमंंत्री मोदी की रैली के लिए भारी भीड़ जुटी थी
Photo Credit: IANS

चोरी होने के बाद धरने पर बैठे लोग

सभा में शामिल कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो जाने के बाद नाराज़ लोगों ने हीरापुर थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. थाने के सामने धरना दे रहे बाबू राम नाम के एक युवक ने कहा कि उसका 18 हज़ार का मोबाइल फोन चोरी हो गया और पुलिस में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही. वहीं बिकी रवानी नाम के युवक ने बताया कि उसका भी मोबाइल चोरी हो गया.

कुछ आरोपियों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया

कुछ आरोपियों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया
Photo Credit: NDTV

कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया

इस बीच पुलिस ने सभा स्थल से कुछ आरोपियों को भी पकड़ा जिनके ऊपर मोबाइल फोन चोरी करने का संदेह है. लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. इसी वजह से उन्हें मजबूर होकर थाने के सामने सड़क पर बैठना पड़ा और रास्ता जाम कर प्रदर्शन करना पड़ा.

ये भी पढ़ें-: बंगाल के लिए BJP का घोषणा पत्र आज, अमित शाह करेंगे जारी; PM मोदी ने दीं 6 बड़ी गारंटियां

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com