विज्ञापन

बंगाल के लिए BJP का घोषणा पत्र आज, अमित शाह करेंगे जारी; PM मोदी ने दीं 6 बड़ी गारंटियां

बंगाल चुनाव के लिए भाजपा आज घोषणा पत्र जारी करेगी. गृह मंत्री अमित शाह इस मौके पर मौजूद रहेंगे. इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में चुनावी रैलियां कीं. इन सभाओं में पीएम मोदी ने भाजपा की 6 चुनावी गारंटियों की घोषणा की और राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला.

बंगाल के लिए BJP का घोषणा पत्र आज, अमित शाह करेंगे जारी; PM मोदी ने दीं 6 बड़ी गारंटियां
फाइल फोटो
  • BJP पश्चिम बंगाल के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में जारी करेगी.
  • BJP घोषणा पत्र में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और सरकारी कर्मचारियों के मुद्दों पर अपना रोडमैप पेश करेगी.
  • अमित शाह घोषणा पत्र जारी करने के बाद पश्चिमी मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे.
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी आज राज्य के लिए अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करने जा रही है. इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे. घोषणा पत्र के जरिए भाजपा बंगाल में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, रोजगार और सरकारी कर्मचारियों जैसे मुद्दों पर अपना रोडमैप पेश करेगी.

गृह मंत्री शाह रहेंगे मौजूद

घोषणा पत्र जारी करने के बाद अमित शाह पश्चिमी मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे और खड़गपुर में रोड शो भी करेंगे. पार्टी इसे बंगाल में अपने चुनावी अभियान का अहम मोड़ मान रही है.

यह भी पढ़ें- हुमायूं कबीर पर BJP की ‘बी टीम' होने के आरोप, स्टिंग में 200 करोड़ लेने का दावा; ओवैसी ने तोड़ा गठबंधन

प्रधानमंत्री मोदी की बंगाल के लिए 6 गारंटियां

इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम में चुनावी रैलियां कीं. इन सभाओं में पीएम मोदी ने भाजपा की 6 चुनावी गारंटियों की घोषणा की और राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो लोग अब तक बंगाल को लूटते आए हैं, भाजपा सरकार बनने पर उनसे एक-एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा.

  • भय के माहौल से मुक्ति और निष्पक्ष न्याय
  • जनता के प्रति जवाबदेह सरकारी सिस्टम
  • घोटालों और अपराधों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई
  • भ्रष्टाचार करने वालों को जेल, चाहे मंत्री हों या नेता
  • शरणार्थियों को सम्मान, घुसपैठियों पर सख्ती
  • सरकारी कर्मचारियों के लिए सुरक्षा और सरकार बनते ही 7वां वेतन आयोग लागू करने का वादा

भाजपा का कहना है कि उसका घोषणा पत्र ‘सुशासन और सुरक्षित बंगाल' के विजन पर आधारित होगा और राज्य में बदलाव का स्पष्ट विकल्प पेश करेगा.

बंगाल पर सभी दलों का फोकस

बताते चलें कि बंगाल में भाजपा, टीएमसी और कांग्रेस समेत सभी दल अपने प्रचार को धार दे रहे हैं. राज्य में मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा, जबकि तमिलनाडु में सभी सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. पांच राज्यों के चुनाव के तहत गुरुवार को असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में मतदान हो चुका है.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah In Bengal, West Bengal, West Bengal Election 2026, West Bengal Elections, BJP Bengal Manifesto
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com