विज्ञापन

"विश्व धुलाई दिवस"- बंगाल के एक्टर्स ने 5 साल पहले रिजल्ट के बाद किया था पोस्ट, सरकार बदलते ही हुई FIR

परमब्रत चटर्जी ने 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की जीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था जिसपर स्वास्तिका मुखर्जी ने भी कमेंट किया था.

"विश्व धुलाई दिवस"- बंगाल के एक्टर्स ने 5 साल पहले रिजल्ट के बाद किया था पोस्ट, सरकार बदलते ही हुई FIR
बंगाल के एक्टर्स ने 5 साल पहले रिजल्ट के बाद किया था पोस्ट
नई दिल्ली:

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की 15 साल पुरानी सरकार की इस महीने 4 मई को विदाई हो गई. बीजेपी ने चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए ममता बनर्जी की टीएमसी को मात देकर प्रदेश में पहली बार सरकार बनाने का इतिहास रच दिया. पिछली बार 2021 में हुए पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था लेकिन ममता सरकार बचाने में कामयाब रही थीं. पश्चिम बंगाल की फिल्म इंडस्ट्री टॉलीवुड के दो कलाकारों ने पांच साल पहले चुनाव परिणाम आने के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट किया था. अब पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के बनने के बाद इन दोनों कलाकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. परमब्रत चटर्जी और स्वास्तिका मुखर्जी बांग्ला फिल्म उद्योग के नामी कलाकार हैं और उन्हें हिन्दी फिल्मों में भी देखा जाता रहा है. परमब्रत ने 'कहानी' फिल्म में और स्वास्तिका ने वेब सीरीज़ 'पाताल लोक' में अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई थी.

पुलिस ने किया मामला दर्ज 

अभिनेता परमब्रत चटर्जी और अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. 

यह शिकायत कोलकाता के गरियाहाट थाने में अधिवक्ता जॉयदीप सेन ने दर्ज कराई है.  उन्होंने आरोप लगाया  कि दोनों कलाकारों ने मई 2021 में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां की थीं जो तनावपूर्ण माहौल में राजनीतिक हिंसा को भड़का सकती थीं. शिकायतकर्ता जॉयदीप सेन ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से राज्य भर में चुनाव के बाद की अशांति के दौरान राजनीतिक शत्रुता और हिंसा का माहौल बना. 

ये भी पढ़ें- परेश रावल की पत्नी ने आदित्य धर को ठहराया अपने सफेद बालों का जिम्मेदार, धुरंधर को लेकर कह दी ये बात

"विश्व धुलाई दिवस'

शिकायत के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद परमब्रत ने 2 मई 2021 को ‘एक्स' (तब ट्विटर) पर पोस्ट किया था,"आज के दिन को विश्व धुलाई दिवस घोषित किया जाए."

स्वास्तिका ने कथित तौर पर उस पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा था, "हाहाहा, जाने दो."

आरोप लगे हैं कि अभिनेता ने चुनाव में ममता बनर्जी की जीत के बाद उनके विरोधियों की धुलाई (पिटाई) के लिए उकसाया था.

पुलिस करेगी जांच

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,"गरियाहाट थाने में शिकायत प्राप्त हुई है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की कानून के अनुसार जांच की जा रही है."
सेन ने अपनी शिकायत में बेलियाघाटा में कुछ घंटों बाद हुई भाजपा कार्यकर्ता अभिजीत सरकार की हत्या का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देती हैं. 

शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इन पोस्टों के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 107 के तहत उकसाने का आरोप लग सकता है. हालांकि  अभी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू है, शिकायत में उल्लेख किया गया है कि आईपीसी के प्रावधान लागू होंगे क्योंकि कथित घटना 2021 में हुई थी.

शिकायत में चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों, हत्याओं, आगजनी और मारपीट की कई घटनाओं का भी जिक्र किया गया है.

ये भी पढ़ें- मिर्जापुर के मुन्ना भैया का फूटा गुस्सा, अवॉर्ड शोज पर कहा- अब ये सिर्फ पैसे कमाने का खेल बन चुके हैं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal News, Tollywood, Parambrata Chatterjee, Swastika Mukherjee
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com