- CJP के प्रदर्शन और नीट पेपर लीक मुद्दे पर बसपा चीफ मायावती ने बड़ा बयान दिया है.
- मायावती ने कहा कि इस मामले में राजनीति हो रही है. देश को विषम परिस्थिति से निकालना जरूरी है.
- बसपा सुप्रीमो मायाववती ने पहली बार सीजेपी के प्रदर्शन और नीट पेपर लीक पर बयान दिया है.
कॉकरोच जनता पार्टी के दिल्ली में जारी प्रदर्शन और नीट पेपर लीक विवाद में अब बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने भी बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन जारी है, सड़क से लेकर सदन तक हंगामा चल रहा है. ऐसे में इस विषम परिस्थिति से देश को निकालना जरूरी है. मायावती ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. बता दें कि CJP का प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी है. वहीं संसद के मॉनसून सत्र में भी इस मामले में जमकर हंगामा देखने को मिल रहा है. गुरुवार को भी दोनों संदनों में जमकर हंगामा हुआ है.
मायावती बोली-मुद्दे का राजनीतिकरण हुआ
मायावती ने लिखा 'कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के नजदीक जंतर-मंतर में पिछले कई दिनों से खासकर मेडिकल की नीट जैसी विशेष परीक्षा आदि में पेपरलीक व अन्य गड़बडियों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं व उनके परिवार के काफी बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं. इससे जनजीवन को लेकर जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के कारण सड़क से लेकर संसद तक में जबरदस्त हंगामा बरपा है. अब इसका राजनीतिकरण करने से यह मुद्दा सरकार के साथ सीधे टकराव का हो गया है, जिस विषम स्थिति से देश को निकालना जरूरी है, क्योंकि इससे दिल्ली में ही नहीं बल्कि विभिन्न राज्यों में भी आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है.'
1.काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का देश की राजधानी नई दिल्ली में संसद के नज़दीक जन्तर मन्तर में पिछले कई दिनों से, ख़ासकर मेडिकल की नीट जैसी विशेष परीक्षा आदि में पेपरलीक व अन्य गड़बडियों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं व उनके परिवार के काफी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे जीवन को…
— Mayawati (@Mayawati) July 23, 2026
'राम मंदिर चढ़ावा चोरी का उठाया मुद्दा'
वैसे चाहे पूरे देश में अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी/गबन आदि का गर्म मामला हो या फिर आल-इंडिया व राज्यों की परीक्षाओं आदि में पेपरलीक का मुद्दा हो, यह सभी मूलतः भ्रष्टाचार के हर स्तर पर पनपने का ही परिणाम है. इसके साथ ही यह संवैधानिक नैतिकता से भी जुडा मामला है, जिसके अभाव में यह देश को दीमक की तरह खाता चला आ रहा है, जबकि संविधान निर्माता परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने गुड गवरनेन्स हेतु इस पर ख़ास ध्यान देने की जरूरत पर विशेष बल दिया है.
'शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाना चाहिए'
मायावती ने कहा 'संक्षेप में मेरा यही कहना है कि देश व जनहित से जुड़े वर्तमान विकट हालात के सौहार्दपूर्ण समाधान हेतु सरकार तथा माननीय कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी भूमिका निभाने की पहल करनी चाहिये तो यह बेहतर होगा. साथ ही, सीजेपी के व्यापक हो रहे आंदोलन का अब विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने संकीर्ण स्वार्थ में राजनीतिकरण करके सड़क से लेकर संसद तक में टकराव व हिंसा किया जाना घोर अनुचित. सरकार व आंदोलनकारी दोनों मिलकर इसका शान्ति व सौहार्दपूर्ण समाधान जितना जल्द निकालें उतना ही उचित होगा.'
बसपा सुप्रीमों ने पहली बार दिल्ली में चल रहे सीजेपी पार्टी के प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा के चोरी के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बता दें कि इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा भी हो रहा है.
ये भी पढ़ेंः बहाने खोज रही है कांग्रेस... संसद में हंगामे के बीच नीट परीक्षा पर चर्चा को लेकर रिजिजू ने विपक्ष को घेरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं