विज्ञापन
This Article is From May 16, 2017

मथुरा का सर्राफा लूट कांड कैमरे में कैद, CM योगी हुए नाराज; तीन पुलिसकर्मी निलंबित

उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक सर्राफा व्यापारी के यहां सोमवार की शाम हुई लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. बीच बाजार स्थित सर्राफा मयंक अग्रवाल की दुकान को लूटने करीब आधा दर्जन हथियारबंद लुटेरे पहुंचे. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चार लोगों को गोली मार दी जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई.

मथुरा का सर्राफा लूट कांड कैमरे में कैद, CM योगी हुए नाराज; तीन पुलिसकर्मी निलंबित
मथुरा की सर्राफा दुकान में हुई लूट और हत्याकांड वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया
  • लूट का विरोध करने पर नकाबपोश बदमाशों ने चार लोगों को मारी गोली
  • घायलों को रिक्शे में डालकर अस्पताल ले जाया गया, नहीं आई एम्बुलेंस
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर जताई कड़ी नाराजगी
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक सर्राफा व्यापारी के यहां सोमवार की शाम हुई लूट की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. बीच बाजार स्थित सर्राफा व्यापारी मयंक अग्रवाल की दुकान को लूटने करीब आधा दर्जन हथियारबंद लुटेरे पहुंचे. लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने चार लोगों को गोली मार दी जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई. अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. 

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लूट की घटना साफ-साफ दिखाई दे रही है. बदमाश अपने मुंह को हेलमेट और कपड़ों से ढके हुए थे. बदमाश दुकान में शीशे का दरवाजा खोलते हुए दाखिल हुए. दुकान मालिकों ने बदमाशों को गेट पर रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. लुटेरों ने बड़े ही आराम से दुकान से सोना और नकदी अपने बैग और जेबों में भरा. सीसीटीवी कैमरे का टीवी उखाड़कर तोड़ डाला और लूट करके चले गए. 

मृतकों में दुकान मालिक विकास अग्रवाल (30) तथा डैम्पीयर नगर निवासी मेघ अग्रवाल (34) शामिल हैं. विकास अग्रवाल के छोटे भाई मयंक अग्रवाल, दुकान के कारीगर अशोक साहू और महमूद अली का इलाज चल रहा है.

खासबात यह है कि यह घटना मथुरा के व्यस्त बाजार होली गेट से चंद कदमों की दूरी पर कोयला गली स्थित ‘मयंक चेन्से’में हुई. होली गेट पर हमेशा पुलिस तैनात रहती है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया. 

घटना स्थल पर पहुंचे आगरा रेंज के आईजी ने बताया कि यह घटना बहुत गंभीर है. लूट के साथ दो लोगों की हत्या पुलिस के सामने एक चुनौती है. उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे. उन्होंने बताया कि मामले को हल करने के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं. बाजार के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हत्यारों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले तो बुलंद हैं ही साथ ही सरकारी व्यवस्था की पोल इस घटना में खुलती दिखाई दी. घायलों को जब अस्पताल ले जाने की बारी आई तो एम्बुलेंस ही नहीं आई. घायलों को रिक्शे में डालकर अस्पताल पहुंचाया गया. 

उधर, इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक से गहरी नाराजगी व्यक्त की है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने पुलिस महानिदेशक को घटनास्थल पर जाकर हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने इस घटना में मारे गए व्यापारियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है. 

 
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mathura Jewelers Loot, Chief Minister Yogi Adityanath, Uttar Pradesh's Mathura, Jewellery Shop, Six Armed Men
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com