सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे सत्यापन अभियान में यूपी के फिरोजाबाद जिले से चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं. महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना के भौतिक सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों की पहचान की गई है.
जांच में पता चला कि कई महिलाएं आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद निराश्रित पेंशन का लाभ ले रही थीं. सत्यापन के दौरान कुछ लाभार्थियों के पास पक्के मकान, कार और ट्रैक्टर जैसी संपत्तियां पाई गईं, जबकि कई महिलाओं के बेटे सरकारी नौकरियों में कार्यरत मिले. इसके बावजूद वे योजना का लाभ उठा रही थीं.
252 मृत महिलाओं के खाते में जा रही थी पेंशन
सत्यापन अभियान में यह भी खुलासा हुआ कि कुछ महिलाओं ने पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह कर लिया था, लेकिन विभागीय अभिलेखों में स्वयं को विधवा दर्शाकर लगातार पेंशन प्राप्त कर रही थीं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि 252 ऐसी महिलाओं के नाम सामने आए, जिनकी मौत हो चुकी है, फिर भी उनके खातों में पेंशन की राशि भेजी जा रही थी.
वसूली जाएगी रकम
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने गांव-गांव जाकर लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन किया. जांच के दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया गया है. प्रशासन ने ऐसे मामलों में पेंशन बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही अब तक प्राप्त की गई राशि की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार सिंह ने बताया कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र और जरूरतमंद महिलाओं तक ही पहुंचे. अपात्र लाभार्थियों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, जबकि मृत लाभार्थियों के मामलों में संबंधित खातों को बंद करने की कार्रवाई की जा रही है।
जारी रहेगा सत्यापन अभियान
प्रशासन का कहना है कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें- चार पहिया वाहनों से भरी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग, दिल्ली से कानपुर की ओर जाते वक्त फिरोजाबाद में हुआ हादसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं