विज्ञापन

CBI जांच के लिए गृहमंत्री से किया है अनुरोध... अजित पवार विमान हादसे की जांच पर फडणवीस

बता दें कि पुणे जिले में बारामती के पास उतरने का प्रयास करते समय विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार और उसमें सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी. यह दुर्घटना 28 जनवरी को हुई थी.

CBI जांच के लिए गृहमंत्री से किया है अनुरोध... अजित पवार विमान हादसे की जांच पर फडणवीस

महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से पिछले महीने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को यह जानकारी दी. महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, फडणवीस ने कहा कि ‘महायुति' सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि विमान दुर्घटना के संबंध में सभी संदेह दूर हो जाएं.उन्होंने कहा कि मुझे राकांपा (भाजपा की सहयोगी पार्टी) से एक पत्र मिला था, जिसमें विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग की गई थी और मैंने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है। डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) और राज्य सीआईडी (अपराध जांच विभाग) ​​की जांच के साथ-साथ सीबीआई भी जांच करेगी.

पुणे जिले में बारामती के पास उतरने का प्रयास करते समय विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से अजित पवार और उसमें सवार चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी. यह दुर्घटना 28 जनवरी को हुई थी. अजित पवार के भतीजे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने विमान दुर्घटना की परिस्थितियों और संदिग्ध गड़बड़ी के संबंध में कई आरोप लगाए थे. रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि घटना की जांच पूरी होने तक नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू को इस्तीफा देने के लिए कहा जाए. उन्होंने लियरजेट 45 विमान का संचालन करने वाली वीएसआर और उसके नायडू के साथ कथित संबंध को लेकर भी सवाल उठाए थे.

इस बीच फडणवीस ने कहा कि डीजीसीए वीएसआर कंपनी का ऑडिट कर रहा है और इसकी सभी ‘लॉगबुक' की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना होगा और अटकलों से बचना होगा। संबंधित उचित प्राधिकारी इसकी जांच करेंगे. सभी राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा के लिए जांच को महत्वपूर्ण बताते हुए फडणवीस ने कहा कि वह कई बार वीएसआर विमान से यात्रा कर चुके हैं.


 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com