विज्ञापन

इंस्टाग्राम से शुरू लवस्टोरी का सेप्टिक टैंक में खौफनाक अंत, विवाहित प्रेमी ने गला घोंट फेंका शव

Bhopal News: लाश इतनी ज्यादा सड़ चुकी थी कि सिया के शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई नहीं दे रहे थे. हालांकि, पुलिस ने महिला के हाथ पर बने दीपक के टैटू और डेट ऑफ बर्थ से उसकी पहचान कर ली. 

इंस्टाग्राम से शुरू लवस्टोरी का सेप्टिक टैंक में खौफनाक अंत, विवाहित प्रेमी ने गला घोंट फेंका शव
भोपाल सेप्टिक टैंक में मिली महिला की लाश.
  • भोपाल के निशातपुरा इलाके में सेप्टिक टैंक से 33 वर्षीय महिला का सड़ा हुआ शव मिला
  • महिला की हत्या उसके विवाहित प्रेमी समीर ने परिवार की मदद से गला घोंटकर की थी
  • सिया और समीर की जान-पहचान इंस्टाग्राम से हुई थी और सिया तीन महीने पहले भोपाल आकर उसके साथ रहने लगी थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
भोपाल:

मध्य प्रदेश के भोपाल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. भोपाल के निशातपुरा इलाके में एक खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक से गुरुवार शाम को 33 साल की महिला का सड़ा हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस के दावे के मुताबिक, महज 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने मामले को सुलझा लिया. इस घटनाक्रम के पीछे प्यार, विश्वासघात, ब्लैकमेल और हत्या की एक पेचीदा कहानी बताई जा रही है, जिसकी शुरुआत हुई इंस्टाग्राम से, अंत सेप्टिक टैंक में हुआ. पीड़ित महिला की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली अशरफी उर्फ ​​सिया के रूप में हुई है.

ये भी पढ़ें- Indore MBA Student: दोस्त के कमरे में मिला एमबीए छात्रा का शव, शरीर पर नहीं थे कपड़े, 4 दिन से थी लापता

विवाहित प्रेमी ने की महिला की हत्या

 जांच के मुताबिक, सिया की हत्या सोमवार को उसके ही विवाहित प्रेमी समीर ने की थी. इस वारदात में उसने कथित तौर पर अपने परिवार के सदस्यों की मदद ली. उसने महिला का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. अपराध के सबूत किसी के हाथ न लगें इसके लिए उसने शव को एक लोहे के बक्से में भरकर कमला नगर स्थित उनके घर के पास एक सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था. 

इंस्टाग्राम की लवस्टोरी का खौफनाक अंत

सिया, समीर से करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर मिली थी. नॉर्मल बातचीत से शुरू हुआ यह रिश्ता जल्द ही प्रेम प्रसंग में बदल गया. प्यार में पागल सिया से अपना घर छोड़ दिया और लगभग तीन महीने पहले महाराष्ट्र से भोपाल आकर समीर के साथ रहने लगी. उसे लगा था कि प्रेमी समीर के साथ  वह नई लाइफ शुरू करने वाली है, लेकिन हुआ कुछ और ही.

जिस समीर के साथ वह जिंदगी बिताने के सपने देख रही थी वो तो पहले से ही शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था.  सिया कमला नगर स्थित उसके घर में रहने लगी, लेकिन हर दिन उसके और समीर के बीच झगड़े होने लगे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया और समीर की पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी. पड़ोसियों के मुताबिक, घर में ज़ोरदार झगड़े होते थे. कहा ये भी जा रहा है कि समीर ने सिया से कई बातें छुपाई थीं, इस वजह से उनके बीच अशांति तेजी से बढ़ने लगी.

शादी के लिए दबाव बना रही थी महिला

जांचकर्ताओं के मुताबिक, सिया लगातार समीर पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, समीर ने जब शादी के लिए इनकार कर दिया तो उसने 5 लाख रुपये की मांग की और कथित तौर पर कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी. हालात तनावपूर्ण होने लगे. तनाव इतना बढ़ गया कि समीर की पत्नी कथित तौर पर अपने मायके जबलपुर चली गई.

सिया और समीर के बीच सोमवार शाम एक बार फिर तीखी बहस हुई. पुलिस के मुताबिक, गुस्साए समीर ने सिया का गला घोंट दिया. उसने सबूत मिटाने के लिए कथित तौर पर अपने भाई, मां और बहन की मदद से उसके शव को लोहे के बक्से में बंद कर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात में उनके घर के पास एक खाली प्लॉट में बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.

सेप्टिक टैंक में मिली महिला की लाश

गुरुवार शाम को पास में खेल रहे बच्चों को टंकी से दुर्गंध आई तो उन्होंने अपने घरवालों को बताया. चेक करने पर टंकी के भीतर एक लोहे का बक्सा तैरता हुआ मिसा. उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर टंकी की तलाशी ली तो उन्हें बक्से के भीतर सिया का सड़ा हुआ शव मिला. लाश इतनी ज्यादा सड़ चुकी थी कि सिया के शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई नहीं दे रहे थे. हालांकि, पुलिस ने महिला के हाथ पर बने दीपक के टैटू और डेट ऑफ बर्थ से उसकी पहचान कर ली. 

निशातपुरा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर मनोज पटवा का कहना है कि शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है. शुरुआती जांच से गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है. वहीं आरोपी समीर अभी भी फरार है, जबकि पुलिस ने उसके भाई, मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं समीर की पत्नी भी जांच के दायरे में है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया की पहले महाराष्ट्र और राजस्थान में तीन बार शादी हो चुकी थी. अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के मकसद और घटनाक्रम स्पष्ट हो पाएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com