लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे में निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद NHAI ने बड़ी कार्रवाई की है. NHAI ने PNC Infratech और उसकी सहायक कंपनी अवध एक्सप्रेसवे प्राइवेट लिमिटेड को 3 साल के लिए बैन किया है. प्रतिबंध के दौरान PNC Infratech अगले 3 साल तक MoRTH, NHAI और उनकी एजेंसियों के नए टेंडर में बोली नहीं लगा सकेगी.
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
एक्सप्रेसवे शुरू होने के महज 26 दिनों के भीतर 74 स्थानों पर गड्ढे और सड़क क्षतिग्रस्त होने के आरोप सामने आए थे. सड़क के कई हिस्सों में समय से पहले नुकसान और सड़क धंसने की शिकायतें भी सामने आईं थी. मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच तक पहुंचा, जहां अदालत ने केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा.
एक्सप्रेसवे पर फिलहाल पूरे मार्ग में टोल वसूली बंद
NHAI ने 11 सितंबर 2026 को जारी पत्र के जरिए PNC Infratech तक प्रतिबंध को बढ़ाया. NHAI की कार्रवाई की वजह निर्माण में खामियां और सड़क धंसने की घटनाएं बताई गई हैं. बताया जा रहा है कि ठेके की शर्तों के तहत कंपनी के खिलाफ यह सबसे कड़ी कार्रवाई है. कंपनी के मौजूदा और पहले से चल रहे प्रोजेक्ट्स पर इस प्रतिबंध का असर नहीं पड़ेगा. कंपनी की ओर से इस कार्रवाई के खिलाफ कानूनी विकल्प तलाशने की बात सामने आई है. एक्सप्रेसवे पर फिलहाल पूरे मार्ग में टोल वसूली बंद है.
टोल बंद होने से होने वाले नुकसान की भरपाई की जिम्मेदारी कंपनी पर डाली गई है. NHAI की कार्रवाई के बाद PNC Infratech के शेयर में करीब 20% तक गिरावट दर्ज की गई. BSE पर शेयर पिछले सत्र में ₹140.40 पर बंद हुआ था और आज ₹130.10 पर खुला. कारोबार के दौरान शेयर ₹116.25 तक गिरा, जो उसका 52 हफ्ते का निचला स्तर बताया गया. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई 2026 को हुआ था.
बता दें कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 64 के पास सड़क धंस गई थी. उद्घाटन के महज 22 दिन बाद ही सड़क धंसने के बाद एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे थे. पैच वर्क के दौरान नमी और बरसाती पानी के कारण काम प्रभावित न हो, इसके लिए निर्माण एजेंसी ने मौके पर 10 बड़े औद्योगिक पंखे लगाए थे, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. लोगों ने निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े किए थे.
ये भी पढ़ें : लखनऊ में हिट एंड रन! कार में थी दूसरी लड़की, प्रेमिका ने सामने आकर रोका तो बोनट पर घसीटकर ले गया बॉयफ्रेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं