विज्ञापन

बुकिंग के बावजूद नहीं पहुंच रहा सिलेंडर, डिलीवरी मैन के फोन बंद, दिल्ली में एजेंसियों पर भारी भीड़

मोहम्मद रऊफ पेशे से ऑटो ड्राइवर है. वो कहते है, “मैं 17 साल बाद गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने आया हूं. इससे पहले कभी ऐसी दिक्कत नहीं हुई.” रऊफ कहते हैं कि आज वह काम पर नहीं जा पाए क्योंकि सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं.

बुकिंग के बावजूद नहीं पहुंच रहा सिलेंडर, डिलीवरी मैन के फोन बंद, दिल्ली में एजेंसियों पर भारी भीड़
  • युद्ध के कारण भारत में गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होकर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है.
  • दिल्ली की गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं. सर्वर डाउन होने से सिलेंडर वितरण में बाधा आ रही है.
  • घरेलू सिलेंडर का स्टॉक पर्याप्त बताया जा रहा है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पिछले दो दिनों से बंद है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

ईरान–इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब भारत में गैस सप्लाई पर पड़ने लगा है. कई जगहों पर लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो रही है. बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिसके कारण लोग सीधे गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं दिल्ली के गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने सिलेंडर की बुकिंग कर दी है. लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा. कुछ लोग सुबह से एजेंसी के बाहर खड़े हैं. लेकिन एजेंसी की ओर से बताया जा रहा है कि सर्वर काम नहीं कर रहा, जिसकी वजह से सिलेंडर जारी करने में परेशानी हो रही है.

'17 साल बाद गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने आया हूं...'

कई लोगों का कहना है कि पहले उन्हें कभी एजेंसी आकर सिलेंडर लेने की जरूरत नहीं पड़ी. मोहम्मद रऊफ पेशे से ऑटो ड्राइवर है. वो कहते है, “मैं 17 साल बाद गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने आया हूं. इससे पहले कभी ऐसी दिक्कत नहीं हुई.” रऊफ कहते हैं कि आज वह काम पर नहीं जा पाए क्योंकि सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए इंतजार कर रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

'गैस की सप्लाई करने वाला भी उपलब्ध नहीं'

एजेंसी आए लोगों में बताया कि घर-घर सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मचारियों से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है. कई उपभोक्ताओं का आरोप है कि डिलीवरी करने वालों के फोन बंद आ रहे हैं, जिसके कारण उन्हें खुद एजेंसी आना पड़ रहा है. कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया कि जब सरकार कह रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर बुकिंग का इंतजार 25 दिन तक क्यों बढ़ा दिया गया है. संगम विहार से आए धीरज कहते हैं, “मैं कल से एजेंसी पर फोन कर रहा हूं लेकिन कोई कॉल नहीं उठा रहा. गैस की सप्लाई करने वाला भी उपलब्ध नहीं है, इसलिए हमें खुद एजेंसी आना पड़ा.”

सुबह से सिलेंडर लेने पहुंचे सुमित का कहना है, “हम लगातार फोन कर रहे हैं लेकिन कोई कॉल नहीं उठा रहा. सुबह से यहां खड़े हैं लेकिन अभी तक गैस नहीं मिल पाई है.” गार्ड की नौकरी करने वाले गिरधारी बताते हैं, “सर्वर नहीं चलने की वजह से गैस नहीं मिल पा रही है. घर का सिलेंडर खत्म होने वाला है, इसलिए चिंता हो रही है.”

Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, गैस एजेंसी के कर्मचारियों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है. एक कर्मचारी के मुताबिक, पिछले दो दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं आई है, लेकिन घरेलू सिलेंडरों की उपलब्धता बनी हुई है.

कर्मचारियों का कहना है कि सर्वर डाउन होने की वजह से समस्या हो रही है और त्योहारों के चलते मांग भी बढ़ गई है. उनके मुताबिक होली के बाद और ईद से पहले गैस की मांग अचानक बढ़ी है, जिससे एजेंसियों पर भीड़ ज्यादा दिखाई दे रही है. फिलहाल उपभोक्ता इस उम्मीद में एजेंसियों के बाहर इंतजार कर रहे हैं कि सर्वर ठीक होते ही उन्हें सिलेंडर मिल जाएगा.

ये भी पढ़ें :  Shivam Dube: ट्रेन में टीटी ने पूछा-शिवम दुबे कौन है? वो क्रिकेटर? पत्नी बोलीं-वो यहां क्यों आएगा...थर्ड AC से मुंबई पहुंचा टीम इंडिया का स्टार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com