विज्ञापन
This Article is From Jan 09, 2014

गलत फैसलों के चलते कर्नाटक में लौटी कांग्रेस : येदियुरप्पा

गलत फैसलों के चलते कर्नाटक में लौटी कांग्रेस : येदियुरप्पा
बीजेपी में लौटे येदियुरप्पा
बेंगलुरु:

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा औपचारिक रूप से आज फिर से भाजपा में शामिल हो गए। येदियुरप्पा ने एक वर्ष से कुछ पहले भाजपा छोड़कर अपनी स्वयं की पार्टी बना ली थी।

येदियुरप्पा जब अपने समर्थकों के साथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे तो भाजपा कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद जोशी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। उन्हें एक कार्यक्रम में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दी गई, जिसमें पार्टी का कोई भी राष्ट्रीय नेता उपस्थित नहीं था।

येदियुरप्पा ने कहा, हमें अतीत को भुलाकर..आपसी संदेह मिटाकर एक मां की संतान की तरह मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने एक सप्ताह पहले अपनी पार्टी कर्नाटक जनता पक्ष (केजेपी) का भाजपा के साथ विलय करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा, हमारे कुछ गलत फैसलों के चलते एक कोने में दुबकी कांग्रेस कर्नाटक में फिर से सत्ता में लौट आई है।

येदियुरप्पा ने कहा, हमने (उसे यह मौका देकर) अक्षम्य अपराध किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व की ‘कंगाली’ का सामना कर रही है और देश की यह उत्कट इच्छा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनें।

उन्होंने कहा कि पार्टी का कर्नाटक में 28 लोकसभा सीटों में से 20 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य होना चाहिए। भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

उन्होंने कहा कि पार्टी को लोकसभा चुनाव के लिए जनता के पास जाकर यह कहना चाहिए कि हमारी गलतियों को माफ करें। हम फिर नहीं दोहराएंगे। जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों डीवी सदानंद गौड़ा और जगदीश शेट्टार तथा राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार की मौजूदगी में येदियुरप्पा का स्वागत करते हुए कहा, हम खुले मन से साथ आए हैं। इससे पहले येदियुरप्पा के कट्टर विरोधी और पार्टी में उनकी वापसी में बड़ा रोड़ा माने जाने वाले अनंत कुमार ने कहा, हम कभी भी अलग नहीं होंगे। हम साथ होंगे। हम साथ लड़ेंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
येदियुरप्पा, कांग्रेस, कर्नाटक, भाजपा, Yeddyurappa, BJP, Karnataka, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com