विज्ञापन

सलमान खान, बाबा सिद्धीकी और अब रोहित शेट्टी... मुंबई में पैर जमाने की कोशिश कर रहा लॉरेंस बिश्नोई, मंसूबा अंडरवर्ल्ड जैसा ही

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मुंबई में फिलहाल तीन घटनाओं को अंजाम दिया है. अगर ऐसी घटनाएं बढ़ती हैं और उसका गिरोह मुंबई के अमीरों से फिरौती वसूलने के लिए आतंक फैलाने की कोशिश करता है, तो मुंबई पुलिस को फिर से अंडरवर्ल्ड के खिलाफ जंग के लिए तैयार होना. 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड के खिलाफ लड़ने वाले ज़्यादातर पुलिस अधिकारी रिटायर हो चुके हैं.

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इस समय गुजरात के साबरमती जेल में बंद है.
  • मुंबई अंडरवर्ल्ड के पुराने गिरोह लगभग खत्म हो चुके हैं, इस बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग अपने पैर जमाना चाह रहा है.
  • 2023 में सलमान खान के घर फायरिंग और 2024 में बाबा सिद्दीक़ी की हत्या और अब रोहित शेट्टी के घर फायरिंग.
  • हालिया फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच जारी रखी है.
मुंबई:

Lawrence Bishnoi Gang in Mumbai: मुंबई अंडरवर्ल्ड के सभी प्रमुख गिरोह ठंडे पड चुके हैं. बीते दशक भर से मुंबई की सडकों पर 90 के दशक की तरह खूनखराबा नहीं हो रहा था. दाऊद इब्राहिम ने 2003 में अपने छोटे भाई इकबाल की दुबई से भारत वापसी के बाद भारत में अपनी हरकतें बंद कर दीं. अरुण गवली, छोटा राजन और अबू सलेम अलग-अलग मामलों में उम्रकैद काट रहे हैं. रवि पुजारी और बंटी पांडे जैसे छोटे-मोटे गैंगस्टर भी जेल में हैं. क्या इसी खालीपन का फायदा उठा कर लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह मुंबई में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहा है? क्या फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करके ये गिरोह मुंबई में फिर एक बार आतंक का साम्राज्य कायम होने की ओर इशारा कर रहा है?

दरअसल फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग ने सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अंडरवर्ल्ड फिर मुंबई पर कब्जे की कोशिश कर रहा है. तकरीबन डेढ दशक से मुंबई शहर शांत है. मुंबई शहर को उत्तर भारत का एक गिरोह बीते साल-डेढ़ साल से रक्तरंजित करने की कोशिश कर रहा है.

मुंबई अंडरवर्ल्ड गैंग की आखिरी वारदातें

  • मुंबई में आखिरी बार डी कंपनी ने नवंबर 2002 में गोली चलाई थी.
  • अरुण गवली गैंग का नाम 2008 में आखिरी बार किसी हत्या से जुड़ा.
  • 2011 में पत्रकार जेडे की हत्या को छोटा राजन गैंग की आखिरी बड़ी वारदात माना जाता है.
  • अश्विन नाइक बिल्डर का काम शुरू कर चुका है.
  • अबू सलेम की गिरफ्तारी के बाद उसका गैंग भी खत्म हो गया है.

गिरोहों के ज़्यादातर लोग मारे जा चुके हैं और सरगना जेल में हैं. लेकिन जानकारों को लग रहा है कि उत्तर भारत से जुड़े लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंग खाली जगह का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.

मुंबई पुलिस के पूर्व एसीपी अविनाश धर्माधिकारी ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई मुंबई में अपना पांव जमाने की कोशिश कर रहा है. लेकिन मुंबई पुलिस अपराध की इन घटनाओं पर नकेल कसने के लिए सक्षम है. 

2023 में सलमान के घर फायरिंग, 2024 में बाबा सिद्धीकी की हत्या

साल 2023 में फिल्म स्टार सलमान खान के घर पर फायरिंग और साल 2024 में NCP विधायक बाबा सिद्दीक़ी की हत्या के बाद ये खतरा पैदा हो रहा है कि मुंबई 1990 के खौफनाक दिनों की तरफ तो नहीं लौट रही, जब सड़कों पर हिंसा आम थी. उस वक्त ना सिर्फ गैंगवार होते थे बल्कि गैगस्टर फिरौती देने से मना कर देने वाले बार मालिकों, बिल्डरों, फिल्म प्रोड्यूसरों और दूसरे व्यापारियों को निशाना बनाते थे. हाल ये था कि हर साल इस तरह की वारदातों में सौ से ज़्यादा लोग मारे जाते थे. हद तो तब हो गई थी जब एक कारोबारी की हत्या पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के बाहर कर दी गई.

Latest and Breaking News on NDTV

मुंबई पुलिस ने कैसे किया था अंडरवर्ल्ड का खात्मा

पुलिस ने इस आतंक का सामना करने के लिए सख्त कदम उठाए, जिसमें एनकाउंटर की विवादास्पद नीति भी शामिल थी. 90 के दशक के आखिरी वर्षों में करीब पांच सौ गैंगस्टर पुलिस की गोलियों से मारे गए और हजारों को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई ने 21वीं सदी की पहली दहाई तक मुंबई के अंडरवर्ल्ड को लगभग खत्म कर दिया.

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली

फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है और उसकी ओर से भर्ती किये गये पांच सदस्यों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि ये अभी साफ नहीं हुआ है कि क्या वाकई में जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई ने इस फायरिंग का आदेश दिया था और रोहित शेट्टी को निशाने पर लेने की वजह क्या थी.

पहले सलमान के घर पर फायरिंग, फिर विधायक बाबा सिद्धिकी की हत्या और अब फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग...एक के बाद एक हो रही इन वारदातों से साफ है कि लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह महाराष्ट्र में अपने कदम जमा रहा है और इसके लिये वो राज्य के स्थानीय युवाओं की ही भर्ती कर रहा है.

वारदात के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी

गिरोह की ओर से की गई पिछली वारदातों पर गौर करें तो पता चलता है कि मुंबई में अपना सिक्का चलाने के लिए वो पुराने तौर-तरीकों का ही इस्तेमाल कर रहा है. बाबा सिद्धिकी की हत्या के कुछ घंटों बाद, सोशल मीडिया पर गिरोह ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए पोस्ट डाली. जिसमें सलमान ख़ान के दोस्तों को चेतावनी दी गई कि वे भी सिद्दीक़ी की तरह मारे जा सकते हैं. पोस्ट के आखिर में लिखे नारों से ये संकेत देने की कोशिश भी लगती है कि लॉरेंस बिश्नोई खुद को एक हिंदू डॉन के तौर पर भी देखना चाहता है. 

लॉरेंस गैंग भी अपना रहा अंडरवर्ल्ड जैसा ही तरीका

ये वही रणनीति है जो मुंबई के अंडरवर्ल्ड माफिया पहले भी इस्तेमाल करते रहे हैं. छोटा राजन गैंग ने मुंबई बम धमाकों के कुछ आरोपियों को मारकर खुद को राष्ट्रवादी गैंगस्टर दिखाने की कोशिश की. रवि पुजारी ने आतंकवाद के मामलों में बचाव पक्ष के वकीलों को और महेश भट्ट जैसी लेफ्ट समर्थक हस्तियों को धमकी देकर खुद को भी इसी तरह पेश किया था.

दाऊद इब्राहिम ने भी मुंबई बम धमाकों की साजिश रचकर मुस्लिम समुदाय का समर्थन पाने की कोशिश की थी, इसे मुंबई दंगों में मारे गए मुसलमानों का बदला बताया गया था. उसकी गैंग ने उन शिवसैनिकों पर भी हमला किया, जिनका नाम बी.एन. श्रीकृष्ण आयोग में दंगों में भाग लेने के लिए आया था.

अंडरवर्ल्ड से लड़ने वाले पुलिस अधिकारी हो चुके रिटायर, नए अधिकारियों को तैयार करना होगा नेटवर्क

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मुंबई में फिलहाल तीन घटनाओं को अंजाम दिया है. अगर ऐसी घटनाएं बढ़ती हैं और उसका गिरोह मुंबई के अमीरों से फिरौती वसूलने के लिए आतंक फैलाने की कोशिश करता है, तो मुंबई पुलिस को फिर से अंडरवर्ल्ड के खिलाफ जंग के लिए तैयार होना. 90 के दशक में अंडरवर्ल्ड के खिलाफ लड़ने वाले ज़्यादातर पुलिस अधिकारी रिटायर हो चुके हैं. मुंबई पुलिस के नए अधिकारी संगठित अपराधों से निपटने का उतना अनुभव नहीं रखते हैं और सूबे के बाहर से आए इन गैंगस्टरों के मुखबिरों का नेटवर्क तैयार करना भी आसान काम नहीं होगा.

यह भी पढ़ें - शूटआउट @ शेट्टी टावर... लॉरेंस गैंग का नाम और जानें- क्यों दिया इस कांड का अंजाम, जानें कहां तक पहुंची जांच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lawrence Bishnoi, Lawrence Bishnoi Gang, Lawrence Bishnoi Gang In Mumbai, Rohit Shetty Firing News, Mumbai Underworld Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com