विज्ञापन

केतन मर्डर: सिया और चेतन का CCTV फुटेज आया सामने, हत्या करने से पहले कैफे में करते दिखे प्लानिंग

सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें वे हत्या की वारदात से ठीक पहले पुणे के एक कैफे में बैठकर पूरी प्लानिंग करते दिखाई दे रहे हैं.

वारदात को अंजाम देने से पहले कैफे में चेतन से मिली सिया
  • पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कैफे में हत्या की साजिश रची
  • आरोपी चेतन ने वारदात के दिन अपना मोबाइल फोन नहीं लिया और दोस्त नीरज का फोन इस्तेमाल किया
  • सिया ने केतन को मारने की पहले भी कोशिश, लोहगढ़ किले से पहले भी दिया था धक्का

पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है. इस हत्याकांड को अंजाम देने से पहले आरोपी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी से एक कैफे में मुलाकात की थी. इस कैफे में दोनों ने मर्डर की प्लानिंग बनाई थी. कैफे में दोनों की मुलाकात का CCTV वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में सिया और चेतन हाथ पकड़कर बात करते दिख रहे हैं.

कैफे का वीडियो आया सामने

पुणे पुलिस ने भी आरोप लगाया है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने एक कैफे में बैठकर केतन की हत्या की साजिश रची थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, कई असफल प्रयासों के बाद दोनों ने लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया.

कैफे में सिया और चेतन

कैफे में सिया और चेतन

चेतन के दोस्त नीरज से पुलिस कर रही पूछताछ

इस केस में पुलिस चेतन के करीबी दोस्त नीरज से भी पूछताछ कर रही है. नीरज की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या नीरज इस साजिश में सीधे तौर पर शामिल था या फिर उसे बिना जानकारी दिए उसके फोन का इस्तेमाल किया गया.

जांच में सामने आया है कि वारदात के दिन आरोपी चेतन ने अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. इसके बजाय उसने अपने दोस्त नीरज का फोन इस्तेमाल किया और उसी के जरिए वह सिया से संपर्क में था. अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या नीरज को पूरी योजना की जानकारी थी या फिर उसे अंधेरे में रखकर उसका फोन इस्तेमाल किया गया.

लोहगढ़ को ही हत्या के लिए क्यों चुना?

पुलिस के अनुसार, आरोपी सिया ने केतन की हत्या की योजना पहले से ही बना रखी थी. बताया जा रहा है कि उसने तीन बार प्रयास किया और तीसरी बार में सफल रहा. सिया के मंगेतर केतन एक ट्रेकर थे, इसलिए साजिश के तहत लोहगढ़ पहाड़ी को ट्रैकिंग लोकेशन के रूप में चुना गया, जहां उसे धक्का देकर हत्या करने की योजना बनाई गई थी.

सिया पहले भी कर चुकी थी हत्या करने की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया है कि 31 मई को सिया और चेतन ने पहली बार योजना बनाई. 14 जून को हत्या करने की पहली कोशिश की गई, लेकिन एक सांप आ जाने से योजना विफल हो गई. 18 जून को फिर प्रयास किया गया, जिसमें केतन को धक्का तो दिया गया लेकिन वह गंभीरता से घायल नहीं हुआ. वह इसे सिया की एक गलती मानकर छोड़ दिया. इसके बाद 20 जून को तीसरी कोशिश में केतन की हत्या कर दी गई.

कैसे मिले थे सिया और चेतन?

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन की मुलाकात दीपावली के दौरान एक पार्टी में हुई थी. वहीं से दोनों के बीच दोस्ती शुरू हुई और फिर प्यार हो गया. हालांकि, सिया की शादी पहले से तय थी, जिससे वह लगातार टालमटोल कर रही थी. पुलिस का मानना है कि इसी दबाव और प्रेम संबंधों के चलते उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया.

पुलिस नीरज की भूमिका, मोबाइल इस्तेमाल और पूरी साजिश में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, यह मामला पूरी तरह से सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसमें डिजिटल सबूत और कॉल रिकॉर्डिंग अहम भूमिका निभा सकते हैं.

यह भी पढ़ें: पुणे के केतन हत्याकांड मामले में होगी SIT जांच, महाराष्ट्र विधानसभा के पीठासीन अध्यक्ष ने दिए आदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ketan Murder, Ketan Agarwal Case, Ketan Agarwal Death, Ketan Agarwal Death Mystery, Ketan Agarwal Lohagad Fort Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com