विज्ञापन

अगली बार शायद आप मुझे CM के रूप में देखें, मेरी तो महत्वाकांक्षा है, तय तो पार्टी करेगी: केशव प्रसाद मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने खुलकर मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी है. उन्होंने कहा कि मेरी तो महत्वाकांक्षा है, लेकिन तय तो पार्टी ही करेगी.

अगली बार शायद आप मुझे CM के रूप में देखें, मेरी तो महत्वाकांक्षा है, तय तो पार्टी करेगी: केशव प्रसाद मौर्य
  • उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने मुख्यमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा स्पष्ट रूप से व्यक्त की है
  • उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का निर्णय पार्टी नेतृत्व और विधायक दल द्वारा तय किया जाएगा, उनकी इच्छा से नहीं
  • केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि कोई भी रिश्वत देकर नौकरी पाने का प्रमाण नहीं दे सका
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने खुलकर मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी है. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि अगली बार आप सीएम के रूप में देखें या किसी और रूप में देखें. यह तो पार्टी तय करेगा, मेरी महत्वाकांक्षा से ही कुछ तय नहीं होगा. मेरी भी महत्वाकांक्षा है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं, लेकिन मेरे चाहने से नहीं होगा. मेरे पार्टी का नेतृत्व तय करेगा कि कौन क्या करेगा. फिलहाल हमारा यही लक्ष्य है कि हम बहुमत लाएंगे. उसके बाद विधायक दल तय करेगा और दिल्ली से आने वाले पर्यवेक्षक तय करेंगे. 

उन्होंने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर काम करने की बात भी कही. दोनों नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हम लोग मिलकर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सीएम और डिप्टी सीएम मिलकर काम करते हैं. यही वजह है कि हम लगातार सत्ता में बने हुए हैं.' उन्होंने यह भी दावा किया कि विकसित भारत बनने तक प्रदेश में सपा और देश में कांग्रेस के हाथ सत्ता नहीं जाएगी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकारी ने निष्पक्ष होकर काम किया है. नौकरियां भी दी हैं तो हर वर्ग का ख्याल रखते हुए दी हैं. 

अखिलेश को चुनौती- एक भी शख्स लाकर दिखाएं, जो कहे कि पैसा देकर नौकरी पाई

बीते 9 साल से ज्यादा समय से उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा, 'अखिलेश यादव को मैं चुनौती देता हूं कि एक भी आदमी ऐसा लेकर आएं, जो कहे कि उसने रिश्वत देकर नौकरी पाई है. भाजपा जहां आती है, वहां बार-बार आती है और तीसरी बार जरूर आती है.' इस दौरान उनसे आर्थिक आधार पर आरक्षण को लेकर उठ रही मांग पर भी सवाल किया गया. इस पर उनका कहना था, 'आरक्षण में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. अभी सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 फीसदी आरक्षण दिया गया है. 40 फीसदी अनारक्षित हिस्सा सभी प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है.' यही नियम आरक्षण को लेकर बना रहेगा.

अंकित बालियान मर्डर में एनकाउंटर की मांग पर क्या कहा

प्रयागराज में आई बाढ़ पर अखिलेश यादव की ओर से सवाल उठाए जाने पर मौर्य ने कहा कि सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले. ऐसी स्थिति हो गई है. उन्होंने कहा कि सपा के दौर में कोई विकास ही नहीं हुआ. अब हमने काम शुरू किया है. प्रयागराज में आई पानी की समस्या पर मैंने खुद एक्शन लिया और नालों को लेकर अधिकारियों को फटकार भी लगाई. शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हत्यारों को हम कड़ी सजा दिलाएंगे. उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिभाशाली व्यक्ति की हत्या की गई है तो यह हमारे लिए चिंता की बात है और कड़े कदम उठाए जाएंगे. 

बोले- यूपी चुनाव में 300 से ज्यादा सीटें लाकर रहेंगे

परिवार की ओर से एनकाउंटर की मांग पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोई भी पीड़ित ऐसी मांग उठाएगा, लेकिन जब पुलिस एक्शन लेती है, तब पता चलता है कि क्या होगा. उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्रवाई हुई और आरोपी उलटा फायरिंग करता है तो फिर एनकाउंटर की स्थिति बनती है. केशव प्रसाद मौर्य ने यह दावा भी किया कि भाजपा को विधानसभा चुनाव में करीब 300 सीटें मिलेंगी. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल का हसीन सपना देख रहे हैं, जो चूर-चूर हो जाएगा. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Keshav Prasad Maurya, Keshav Prasad Maurya News, Keshav Prasad Maurya News In Hindi, Keshav Prasad Maurya News Today, CM Yogi Adityanath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com