केरल के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार विवाद उनके इंस्टाग्राम हैंडल को लेकर सामने आया है. स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने आरोप लगाया है कि राज्यपाल के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर भाजपा का नाम दर्ज है, जो संवैधानिक पद की गरिमा और राजनीतिक तटस्थता के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है. इसी मुद्दे पर संगठन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को औपचारिक शिकायत भेजी है.
राष्ट्रपति को भेजी गई शिकायत
एसएफआई के तिरुवनंतपुरम जिला सचिव नंदन एम. ए. ने ईमेल के जरिए राष्ट्रपति को शिकायत भेजी है. शिकायत में कहा गया है कि किसी मौजूदा राज्यपाल के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर किसी राजनीतिक दल का नाम दिखाई देना संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत माना जा सकता है. संगठन का कहना है कि राज्यपाल जैसे पद पर बैठे व्यक्ति से निष्पक्ष और तटस्थ भूमिका की अपेक्षा की जाती है.
जनता के भरोसे पर असर पड़ने का दावा
एसएफआई ने अपने पत्र में कहा कि किसी राजनीतिक दल के साथ सार्वजनिक रूप से जुड़ाव दिखाई देने से संवैधानिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा प्रभावित हो सकता है. संगठन का तर्क है कि राज्यपाल को संविधान का संरक्षक माना जाता है और उन्हें किसी दल विशेष के प्रतिनिधि के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.

राज्यपाल की इंस्टा प्रोफाइल में नाम के साथ बीजेपी लिखा हुआ है.
माथुर के राजनीतिक अतीत का भी दिया हवाला
शिकायत में ओम प्रकाश माथुर के भाजपा से लंबे राजनीतिक संबंधों का भी उल्लेख किया गया है. संगठन ने कहा कि वह पहले भाजपा में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. ऐसे में सोशल मीडिया प्रोफाइल पर पार्टी का नाम दिखना नए सवाल खड़े करता है. एसएफआई ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप कर राज्यपाल कार्यालय की गरिमा और राजनीतिक तटस्थता बनाए रखने की मांग की है.
हाल ही में बने हैं केरल के राज्यपाल
ओम प्रकाश माथुर ने 23 अक्टूबर को केरल के 29वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी. उन्होंने राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थान लिया है, जिन्हें तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. राजस्थान के पाली जिले के निवासी माथुर ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में की थी. फिलहाल इस शिकायत पर राजभवन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें | केरल लोक भवन की रसोई में नहीं बनेगा नॉनवेज... नए राज्यपाल के आदेश पर कांग्रेस ने कहा-मर्जी थोपना गलत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं