विज्ञापन

कर्नाटक: स्कूल कैंपस में छात्रा को कोबरा ने काटा, टीचर ने चूस कर निकाला सांप का जहर, बच गई जान

कर्नाटक के हुनासेकट्टे स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा को कोबरा सांप ने काट लिया, टीचर ने जहर चूसकर उसकी जान बचाई. घटना के बाद घायल बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि जहर चूसने वाले शिक्षक की तबीयत भी बिगड़ी है.

कर्नाटक: स्कूल कैंपस में छात्रा को कोबरा ने काटा,  टीचर ने चूस कर निकाला सांप का जहर, बच गई जान
  • कर्नाटक के हुनासेकट्टे सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा की छात्रा को कोबरा सांप ने काट लिया था
  • शिक्षक रविशंकर ने छात्रा का जहर चूसकर उसके शरीर में फैलने से रोकने का साहसिक प्रयास किया था
  • घायल छात्रा सृष्टि माब को तुरंत बसवेश्वरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है
चित्रदुर्ग:

कर्नाटक के चित्रदुर्ग तालुक के हुनासेकट्टे गांव में एक सरकारी स्कूल परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पहली कक्षा की एक छात्रा को कोबरा सांप ने काट लिया. घटना हुनासेकट्टे सरकारी प्राथमिक विद्यालय के परिसर में हुई. बच्ची सुबह रोज़ की तरह पढ़ने के लिए स्कूल आई थी, तभी अचानक स्कूल परिसर के अंदर ही सांप ने उसे काट लिया.

टीचर का साहसिक कदम 

पीड़ित छात्रा की पहचान सृष्टि माब के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि स्कूल के सामने वाले हिस्से में बच्ची खड़ी थी, तभी छिपकर बैठे कोबरा ने उस पर हमला कर दिया. सृष्टि के चीखने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद शिक्षक और बच्चे तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्कूल के टीचर रविशंकर ने बिना देर किए साहसिक कदम उठाया. बच्ची की जान बचाने के लिए उन्होंने अपने मुंह से घाव से जहर चूस लिया, ताकि ज़हर का असर शरीर में फैलने से रोका जा सके. शिक्षक की इस सूझबूझ और तत्परता की इलाके में सराहना की जा रही है.

जहर चूसने वाले टीचर की तबीयत बिगड़ी
 

घटना के बाद घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी बसवेश्वरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. वहीं, ज़हर चूसने के कारण शिक्षक रविशंकर की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां उनका भी इलाज जारी है.

ये भी पढ़ें :- यूपी में मजाक बना जानलेवा, सपेरे ने बुजुर्ग के गले में डाला सांप, फिर आ गई बड़ी मुसीबत

इस घटना के बाद स्कूल परिसर की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने स्कूल परिसर में सांपों के खतरे को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से तुरंत सुरक्षा उपाय करने की मांग की है. प्रशासन की ओर से बताया गया है कि स्कूल परिसर की जांच कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

ये भी पढ़ें :- 8 लाख रुपये में एक ग्राम जहर, ये है दुनिया का सबसे जहरीला सांप, ज‍िसका जहर है सबसे महंगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka News, Teacher Sucks Out Snake Venom, Chitradurga School News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com