- असम के जोरहाट जिले में 31 वर्षीय अनिल राजगढ़ की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग करने का मामला सामने आया.
- पुलिस ने इस हत्या के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है.
- हत्या का कारण मृतक और महिला के बीच रिश्तों को लेकर विवाद बताया गया है.
असम के जोरहाट जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. पुलिस ने 31 वर्षीय युवक की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात की वजह महिला और मृतक के बीच रिश्तों को लेकर पैदा हुआ विवाद था.
मृतक की पहचान अनिल राजगढ़ के रूप में हुई है, जो 12 सितंबर से लापता था. परिजनों ने मरियानी थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की. जांच के दौरान भोगदोई नदी के किनारे से एक बिना सिर का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में अनिल राजगढ़ के रूप में हुई.
सिर को प्लास्टिक की थैली में रखा
पुलिस के अनुसार, शव को नदी किनारे दफनाया गया था, जबकि सिर को प्लास्टिक की थैली में रखा गया था. जांच में यह भी सामने आया कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई. पहले धारदार ब्लेड से गला काटा गया और फिर तेज हथियार से सिर धड़ से अलग कर दिया गया.
मामले में पुलिस ने कपिल करमाकर (32), उनकी पत्नी अनिमा करमाकर, भाई संजीत करमाकर (30) और महेश राजगढ़ (33) को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी मरियानी के ग्रीनव्यू टी एस्टेट क्षेत्र के निवासी हैं. जांच के मुताबिक, अनिल राजगढ़ पिछले कुछ महीनों से अनिमा के संपर्क में था. आरोप है कि 7 सितंबर को अनिमा ने उसे चाय बागान क्षेत्र में मिलने के लिए बुलाया. वहां पहुंचने पर उस पर हमला किया गया. इसके बाद अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर हत्या को अंजाम दिया. शव को बोरी में भरकर नदी किनारे ले जाया गया और दफना दिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 61 (आपराधिक साजिश) और 238 (सबूत मिटाने) के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
ये भी पढ़ें : राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस में घमासान, अशोक गहलोत ने पार्टी पर ही उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं