झारखंड की राजधानी रांची में छात्रों का प्रदर्शन लगातार तेज हो रहा है और देशभर के लोग इसे लेकर आवाज उठा रहे हैं. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर शुरू हुआ ये आंदोलन अब राज्य में हुई तमाम परीक्षाओं पर भी सवाल उठा रहा है. इस दौरान तमाम छात्र और कई छात्राएं भी प्रदर्शन में दिख रही हैं, जो सीएम हेमंत सोरेन का इस्तीफा भी मांग रहे हैं. इसी बीच एनडीटीवी ने कई छात्रों से ग्राउंड पर जाकर बातचीत की और जाना कि आखिर वो क्या चाहते हैं.
शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर पहुंची छात्रा
प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा हेमंत सोरेन के पिता शिबू सोरेन की तस्वीर लेकर पहुंची थी. इस छात्रा ने कहा कि हमें सरकार से चाहिए कि फिर से जेपीएससी का एग्जाम करवाया जाए और इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए. छात्रा ने कहा, हम लोग अपने हक के लिए लड़ने आए हैं, हम भीख नहीं मांग रहे हैं, हम अपना हक मांग रहे हैं. शिबू सोरेन की तस्वीर हाथों में लेने को लेकर छात्रा ने बताया कि वो हमारे गुरु हैं और हम उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं. हमें किसी भी पार्टी से लेना-देना नहीं है, हम स्टूडेंट्स अपने हक के लिए लड़ रहे हैं.
पहले भी हुई थी धांधली
प्रदर्शन करने आई छात्रा ने बताया कि तीन साल पहले उसने झारखंड में हुई JSSC CGL परीक्षा दी थी, उसमें भी धांधली हुई थी. इस परीक्षा में सरेआम सीटें बेची जा रही थीं, जिनकी कीमत 15 से 20 लाख रुपये तक थी. हम लोग गांव से आते हैं, हमें टाइम कम मिल पाता है. छात्रा ने बताया कि उनके पेरेंट्स ने भी प्रदर्शन में जाने के लिए कहा था.
क्या मांग कर रहे हैं छात्र?
झारखंड में प्रदर्शन करने वाले छात्रों की सबसे पहली मांग है कि जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में जो भी गड़बड़ी हुई है, उसकी जांच सीबीआई को सौंपी जाए. इसके अलावा पिछले 7 साल में जो परीक्षाएं हुई हैं, उनकी भी जांच की मांग हो रही है. कुछ छात्रों का कहना है कि सीएम हेमंत सोरेन को भी इस मामले को लेकर इस्तीफा देना चाहिए.
ये भी पढ़ें - रांची के वांगचुक नाम से मशहूर हुए देवेंद्र नाथ महतो कौन हैं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं