झारखंड के जमेशपुर में करणी सेना के नेता की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम से आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी बीते 28 जून को हत्या के बाद से फरार चल रहा था और वह वारदात के बाद राजस्थान के सीकर में खाटूश्यामजी के दर्शन करने आया था. जहां पर उसकी लोकेशन मिलने पर खाटूश्यामजी पुलिस ने विभिन्न होटलों में तलाशी अभियान चलाया और अंतत: एक होटल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद आरोपी को झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया है.
वारदात के बाद खाटूश्याम पहुंचा आरोपी
पुलिस ने बताया कि खाटूश्यामजी कस्बे से झारखंड के चर्चित हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी हुई है. आरोपी 9 दिन पहले झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में फरार चल रहा था और बाबा श्याम के दर्शन करने खाटूश्यामजी पहुंचा था. जानकारी के अनुसार, 28 जून को बिष्टुपुर स्थित डीडी बार संचालक नीरज सिंह ने करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था.
भोजराज होटल से पकड़ा गया आरोपी नीरज
इस बीच झारखंड पुलिस को उसकी लोकेशन खाटूश्यामजी में मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही खाटूश्यामजी थाना के कांस्टेबल बनवारी लाल कुमावत और राजेंद्र गढ़वाल ने आरोपी की तलाश शुरू की. दोनों पुलिसकर्मियों ने कस्बे के विभिन्न होटलों में तलाश अभियान चलाया और अंततः मंडा रोड स्थित भोजराज होटल से आरोपी नीरज सिंह को हिरासत में ले लिया. खाटूश्यामजी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद झारखंड पुलिस को सूचना दी.

पुलिस के अनुसार आरोपी अब झारखंड पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
छेड़खानी के विरोध ने ले ली जान
बता दें कि झारखंड के जमशेदपुर के बिष्टुपुर के एक बार में 27 जून की रात छेड़खानी को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने पुलिस की गाड़ी से हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह को बाहर खींचकर उन पर हमला कर दिया था. हिमांशु सिंह जमशेदपुर में करणी सेना के स्थानीय नेता हैं. जानकारी के मुताबिक, बार में हिमांशु सिंह ने छेड़छाड़ की घटना का विरोध किया था. जिसके बाद विवाद हुआ और मौके पर मौजूद पुलिस ने सुरक्षा का आश्वासन देकर हिमांशु और उनके मित्र को अपनी गाड़ी में बैठाया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें गाड़ी से खींचकर चाकू घोंप दिए. जिसमें हिमांशु की मौत हो गई, जबकि उनका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गय.
वारदात के बाद जमशेदपुर में जमकर बवाल
हिमांशु सिंह की हत्या के बाद जमशेदपुर में जमकर बवाल हुआ. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भाजपा और जदयू के लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और 03 जुलाई को तो पूरे जमशेदपुर में बंद का आह्वान किया गया. बंद समर्थकों ने प्रमुख सड़कों को आवागन ठप कर दिया, टायर जलाए और शहर के बाजार, बैंक और डाकघर बंद करा दिए. अधिकांश ऑटो-रिक्शा, बसें और अन्य वाहन सड़कों से नदारद रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्कूलों सहित शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर भी दिनभर गिरे रहे.

खाटूश्यामजी से गिरफ्तार हुआ करणी सेना के नेता की हत्या का आरोपी
Photo Credit: NDTV
अब राजस्थान से हुई आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने 04 जुलाई तक इस मामले में तीन नाबालिगों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, बाकी 5 आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है. अब राजस्थान के खाठूश्यामजी से एक और आरोपी नीरज सिंह की गिरफ्तारी हुई है. उधर भाजपा लगातार करणी सेना के नेता हिमांशु की हत्या के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रही है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, ‘‘करणी सेना के नेता की हत्या की जांच के मामले में राज्य की जनता का सरकार और पुलिसकर्मियों पर भरोसा नहीं है, इसलिए इसकी सीबीआई से कराई जानी चाहिए.''
पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बीते दिनों पार्टी के अन्य नेताओं के साथ जमशेदपुर के निकट आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में ‘‘अपराधियों की समानांतर सरकार'' चल रही है. भाजपा नेता ने कहा कि पुलिस के गश्ती वाहन से दो युवकों को बाहर खींचकर उनपर धारदार हथियारों से हमला किया गया और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे. झारखंड के बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्युष सिंह कोलकाता के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, उन्हें सेवा से बर्खास्त करने और जेल भेजने की मांग की गई.
(रींगस से बीएल सरोज के इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं