विज्ञापन

स्कूल में पढ़ाता था, किराए के घर में चल रहा था ब्राउन शुगर बनाने का अड्डा; सरकारी टीचर गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस का दावा है कि उसके किराए के घर में ब्राउन शुगर बनाने का अवैध ठिकाना चल रहा था. मामले की गहन जांच जारी है.

स्कूल में पढ़ाता था, किराए के घर में चल रहा था ब्राउन शुगर बनाने का अड्डा; सरकारी टीचर गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में एक सरकारी टीचर ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार हुआ है.
  • जलपाईगुड़ी जिले में एक सरकारी स्कूल शिक्षक को ड्रग्स के अवैध कारोबार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है
  • आरोपी शिक्षक किराए के मकान से ब्राउन शुगर बनाने के लिए आवश्यक कच्चा पदार्थ और उपकरण बरामद किए गए हैं
  • पुलिस ने धीरज महतो नामक एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जो ड्रग्स कारोबार में शामिल था

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल शिक्षक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि शिक्षक अपने किराए के घर से प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बनाने का अवैध कारोबार चला रहा था. इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई नागराकाटा इलाके में छोछरिया पेट्रोल पंप के पास की गई. पुलिस का कहना है कि पूरे ऑपरेशन को बेहद गोपनीय रखा गया था और शुरुआती चरण में कई पुलिसकर्मियों को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी.

शिक्षक के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार शिक्षक की पहचान रंजीत सिकदार के रूप में हुई है, जो एक सरकारी हाई स्कूल में पढ़ाता था. उसके साथ धीरज महतो नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को संदेह है कि दोनों ड्रग्स के कारोबार से जुड़े हुए थे. जिला पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापानी ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में अंदरूनी सूत्रों से जानकारी मिली थी. अब इस बात की जांच की जा रही है कि क्या इस पूरे नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है.

STF की सूचना पर शुरू हुई निगरानी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जिला पुलिस को ड्रग्स कारोबार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी थीं. इसके बाद से रंजीत सिकदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. बुधवार रात करीब 10 बजे जिला पुलिस की टीम ने उसके किराए के मकान पर छापा मारा. शुरुआती तलाशी के दौरान पुलिस को 8.39 लाख रुपये नकद और कुछ कथित नकली नोट मिले.

स्निफर डॉग ने खोला राज

शुरुआती जांच में ज्यादा सबूत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 46वीं बटालियन की मदद ली. एसएसबी की टीम प्रशिक्षित स्निफर डॉग के साथ मौके पर पहुंची. स्निफर डॉग की मदद से पुलिस को लगभग 67 ग्राम कच्चा पदार्थ मिला, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर ब्राउन शुगर बनाने में किया जाता था. इसके अलावा ड्रग्स तैयार करने के उपकरण, विशेष सफेद कपड़ा और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला प्लास्टिक भी बरामद किया गया.

पहले भी जेल जा चुका है आरोपी

पुलिस के अनुसार रंजीत सिकदार मूल रूप से मालदा जिले के बामनगोला का रहने वाला है. उस पर पहले भी ड्रग्स से जुड़े मामलों में कार्रवाई हो चुकी है और वह जेल भी जा चुका है. फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कथित कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े थे.

यह भी पढ़ें- नागौर में 100 करोड़ की MD फैक्ट्री का मामला, भगोड़े फौजी के बाद सीनियर बैंक मैनेजर गिरफ्तार

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jalpaiguri, West Bengal Police, Drug Smuggling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com