- अरावली पहाड़ों से उत्तराखंड के कुमांयू तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी के लिए नया कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है
- जयपुर से नैनीताल का सफर नए कॉरिडोर के बनने पर 9 से 10घंटे में पूरा हो सकेगा
- बरेली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे प्रस्तावित है, यह चार लेन का एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेसवे होगा
देशभर में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इन एक्सप्रेसवे नेटवर्क से राज्यों और शहरों के बीच का सफर आसान हो रहा है. आज हम ऐसे ही एक खास कॉरिडोर के बारे में बता रहे हैं, जिससे भविष्य में राजस्थान के अरावली के पहाड़ों से उत्तराखंड के कुमांयू तक सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिल सकेगी. जयपुर, आगरा और मथुरा जैसे शहरों से उत्तराखंड के नैनीताल तक सफर आसान हो जाएगा. इस कॉरिडोर के तैयार होने के बााद जयपुर से नैनीताल महज 9 से 10 घंटे में पहुंच पाएंगे.वहीं आगरा-मथुरा से नैनीताल पहुंचने में 5-6 घंटे लगेंगे. नैनीताल के पास ही प्रसिद्ध नीम करोली बाबा का कैचीधाम है. यानी इस कॉरिडोर से कैचीधाम पहुंचना भी आसान होगा.
किन हाइवे-एक्सप्रेसवे को जोड़कर बनेगा नया कॉरिडोर
- नैनीताल से हल्द्वानी: पहले से तैयार NH-109 है, यह दूरी करीब 1 से सवा घंटे में पूरी होती है.
- बरेली-हल्द्वानी एक्सप्रेसवे: यह प्रस्तावित एक्सप्रेसवे है. यह 4 लेन का एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेसवे होगा, जिसकी लंबाई करीब 100 किमी होगी.
- बरेली-मथुरा हाइवे: इस हाइवे पर काम जारी है. करीब 50 फीसदी काम पूरा भी हो गया है.
- मथुरा-जयपुर हाइवे: यह पहले से तैयार हाइवे है. इसके कुछ हिस्सों पर चौड़ीकरण का भी काम हो रहा है.
सफर हो जाएगा आधा
इस कॉरिडोर के बनने के बाद जयपुर और मथुरा जैसे शहरों से नैनीताल तक का सफर सुपर फास्ट हो जाएगा. फिलहाल इस सफर में जहां 12 से 14 घंटे लग जाते हैं. इस सफर में ट्रैफिक और संकरे रास्तों से गुजरना पड़ता है. रास्ते में जाम, ढाबे और टोल के ब्रेक मिलाकर यह सफर कभी-कभी 13-14 घंटे का हो जाता है. लेकिन इस नए कॉरिडोर के बनने के बाद यह सफर 9 से 10 घंटे में पूरा हो जाएगा. इसके अलावा आगरा-मथुरा से भी नैनीताल पहुंचना आसान होगा. अभी इस सफर में 8-9 घंटे लग जाते हैं. लेकिन नया ग्रिड बनने के बाद यह सफर 5 से 5.5 घंटे में पूरा होगा.
दिल्ली-एनसीआर से भी सफर होगा आसान
यह कॉरिडोर राजस्थान और पश्चिमी यूपी के शहरों को तो कनेक्ट करेगा ही, साथ ही इससे दिल्ली-एनसीआर तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल जाएगी. नोएडा से शुरू होने वाले यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन के पास बरेली-मथुरा हाइवे पर पहुंचा जा सकेगा. इसके बाद आगे बरेली और फिर हल्द्वानी होते हुए नैनीताल पहुंचा जा सकेगा. यह सफर महज 5-6 घंटे में पूरा होगा.
कैची धाम पहुंचना भी होगा आसान
इस कॉरिडोर से प्रसिद्ध नीब करौरी बाबा के कैची धाम पहुंचना भी आसान हो जाएगा. पिछले कुछ दिनों में यहां भारी संख्या में लोग पहुंचना शुरू हो गए हैं. कैची धाम नैनीताल जिले में ही है. यहां हल्द्वानी और नैनीताल दोनों ही जगहों से आसानी से पहुंचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: जयपुर-लखनऊ से 6 घंटे में हरिद्वार, आगरा से लगेंगे 4 घंटे, नया महाएक्सप्रेसवे 5 राज्यों को करेगा कनेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं