IPS Uday Krishna Reddy: तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे आईपीएस अफसर उदय कृष्णा रेड्डी के लिए कानून का शिकंजा अब कसता ही जा रहा है. अपनी ही बैच की महिला आईपीएस अधिकारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार करने, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो बनाकर उसके पति को भेजने जैसे गंभीर आरोपों में घिरे उदय कृष्णा को उप्परपल्ली कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में चंचलगुड़ा सेंट्रल जेल भेज दिया है.
बैचमेट ट्रेनी महिला आईपीएस की शिकायत पर हैदराबाद की अत्तापुर पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासनिक और कानूनी गलियारों में केवल एक ही चर्चा जोर पकड़ रही है क्या उदय कृष्णा रेड्डी का आईपीएस करियर खत्म हो चुका है? हालांकि इस सवाल का जवाब पुलिस जांच के बाद ही मिल सकेगा.

क्या है पूरा विवाद और आरोप?
न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार मामला 18 जुलाई 2026 को तब सामने आया, जब 30 वर्षीय पीड़ित महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने अत्तापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता का आरोप है कि उदय कृष्णा उसे लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. आरोपी ने धोखे से उसके निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिए और शादी के बाद उसके पति को भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
दूसरी तरफ, आरोपी उदय कृष्णा रेड्डी ने खुद को बेकसूर बताते हुए सोशल मीडिया पर दावा किया था कि दोनों के बीच जून 2025 से सहमति से संबंध थे. एफआईआर दर्ज होने के बाद उदय कृष्णा रेड्डी ने 21 जुलाई 2026 को मोतीनगर में अपने एक रिश्तेदार के घर पर बेहोश मिलने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां एक तथाकथित सुसाइड नोट भी सामने आया.

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब पुलिस नोटिस देने पहुंची, तो उदय गायब मिले. पुलिस ने उन्हें खोजने के लिए चार टीमें बनाई थीं. हालांकि, आरोपी का दावा है कि वह फरार नहीं थे, बल्कि अपनी बीमार दादी से मिलने आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले स्थित अपने गांव उल्लापलेम गए हुए थे. मंगलवार को हैदराबाद लौटते ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा.
हाईकोर्ट से भी राहत नहीं
उदय कृष्णा ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कराने के लिए तेलंगाना हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था. हालांकि, अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनवाई स्थगित कर दी है और लोक अभियोजक को पीड़ित पक्ष को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें- 'IPS ने प्राइवेट VIDEO बना पति को भेजा, मुझ पर कंडोम फेंका', SVPNPA में बैचमेट महिला ट्रेनी आईपीएस के आरोप
यह भी पढ़ें- जिस IPS की सफलता के CM भी थे मुरीद, उस पर SVPNPA में बैचमेट महिला अफसर ने क्यों दर्ज करवाई FIR?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं