विज्ञापन

इंटरपोल की 18 देशों में कार्रवाई, 65 गिरफ्तार; फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ दो यात्री भी पकड़े गए

इस कार्रवाई के दौरान इंटरपोल और यूरोपीय सीमा एजेंसी फ्रोंटेक्स ने इटली और अल्जीरिया के बीच चल रहे तीन संदिग्ध वाहनों की जांच की. उनके पहचान नंबरों में छेड़छाड़ पाई गई.

इंटरपोल की 18 देशों में कार्रवाई, 65 गिरफ्तार; फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ दो यात्री भी पकड़े गए
इन्टरपोल ने बड़ा एक्शन किया है.

अंतरराष्ट्रीय पुलिस संगठन इंटरपोल ने भूमध्यसागर क्षेत्र में आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ बड़े अभियान को अंजाम दिया है. "ऑपरेशन नेप्च्यून-8" नाम के इस अभियान में यूरोप, उत्तरी अफ्रीका और मध्य पूर्व के 18 देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने हिस्सा लिया. कार्रवाई के दौरान 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संदिग्ध भी शामिल हैं.

4 करोड़ से ज्यादा बार खंगाले गए डेटाबेस

ऑपरेशन के दौरान विभिन्न देशों की एजेंसियों ने इंटरपोल के अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में 4 करोड़ 10 लाख से अधिक बार जांच की. इस प्रक्रिया में 395 ऐसे मामले सामने आए जिनमें संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में उपयोगी जानकारी मिली. इनमें 89 मामले आतंकवाद से जुड़े पाए गए. इसके अलावा राष्ट्रीय डेटाबेस और शेंगेन इंफॉर्मेशन सिस्टम (SIS) की मदद से 281 अन्य संदिग्ध मामलों का भी पता चला, जिससे जांच एजेंसियों को नए सुराग मिले.

तीन देशों में आतंकवाद से जुड़े आरोपी गिरफ्तार

अल्जीरिया में एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया जिस पर आतंकवादी संगठन का सदस्य होने का आरोप है. उसके खिलाफ पहले से इंटरपोल का रेड नोटिस जारी था. ट्यूनीशिया में भी एक संदिग्ध को पकड़ा गया, जिस पर आतंकी गतिविधियों के लिए लॉजिस्टिक सहायता मुहैया कराने का आरोप है. वहीं अल्बानिया में तुर्किये की ओर से वांटेड एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जिसे एक आतंकी संगठन का सदस्य माना गया था.

फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ दो लोग हिरासत में

अभियान के दौरान स्लोवेनिया के ल्युब्लियाना एयरपोर्ट पर दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया. जांच में उनके पास मौजूद भारतीय पासपोर्ट और स्पेन के वीजा फर्जी पाए गए. अधिकारियों ने दोनों की पहचान और विदेशी आतंकवादी लड़ाकों से संभावित संबंधों की जांच शुरू कर दी है. यह मामला ऑपरेशन के दौरान सामने आए सबसे संवेदनशील मामलों में से एक माना जा रहा है.

ड्रग्स और वाहन तस्करी के भी मिले सुराग

कार्रवाई के दौरान इंटरपोल और यूरोपीय सीमा एजेंसी फ्रोंटेक्स ने इटली और अल्जीरिया के बीच चल रहे तीन संदिग्ध वाहनों की जांच की. उनके पहचान नंबरों में छेड़छाड़ पाई गई, जिससे एक संभावित वाहन तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ. वहीं पुर्तगाल में एयरपोर्ट जांच के दौरान लगभग 290 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.

आतंकियों के नेटवर्क पर कसा शिकंजा

इंटरपोल की काउंटर टेररिज्म डायरेक्टर मारिया कारमेन मुनोज ने कहा कि आतंकवादी और अपराधी अक्सर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं. ऐसे अभियानों से विभिन्न देशों की एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत होता है और संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिलती है. इंटरपोल का कहना है कि इस अभियान से आतंकवादियों और संगठित अपराधियों की आवाजाही, उनके नेटवर्क और संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसका इस्तेमाल आगे की जांच में किया जाएगा.

यह भी पढ़ें | 18 साल से फरार हत्या का आरोपी UAE में छिपा था, इंटरपोल रेड नोटिस के बाद भारत लाया गया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Interpol News, Terrorism, International Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com