- इंदौर से उज्जैन के बीच बन रहे सिक्सलेन हाईवे का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है.
- इंदौर और उज्जैन शहर की दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
- यह हाईवे उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ आयोजन को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.
इंदौर उज्जैन सिक्स लेन हाईवे को लेकर नया अपडेट आया है. इस प्रोजेक्ट का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को ध्यान में रखकर यह हाईवे तैयार किया जा रहा है. जो न केवल इंदौर से उज्जैन के बीच की दूरी को पूरी तरह घटा देगा, बल्कि मध्य प्रदेश की गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान से कनेक्टिविटी को और मजबूत कर देगा. इंदौर उज्जैन शहर इस हाईवे की वजह से दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर जैसे शहरों से और कनेक्ट हो जाएंगे. जिससे सिंहस्थ में आने वाले यात्रियों को जाम का सामना नहीं करना होगा. इंदौर के अरविंदो अस्पताल से शुरू होकर उज्जैन के हरी फाटक ओवरब्रिज तक बनने वाली यह 46 किलोमीटर लंबी सड़क जनवरी 2027 तक शुरू करने की तैयारी है. ऐसे में मध्य प्रदेश सरकार तेजी से इस दिशा में काम कर रही है.
35 मिनट में इंदौर से उज्जैन
इंदौर से उज्जैन की दूरी 55 किलोमीटर है, फिलहाल दोनों शहरों के बीच यात्रा में 1.5 से 2 घंटे तक का समय लग जाता है. शहर से गुजरने की वजह से जाम का सामना करना पड़ता है. लेकिन सिक्स लेन हाईवे तैयार होने से दोनों शहरों के बीच की दूरी तय करने में महज 35 से 40 मिनट का समय लगेगा. उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ को ध्यान में रखते हुए यह हाईवे तैयार किया गया है. उज्जैन के पास इंदौर सबसे पास का हवाई अड्डा है, ऐसे में कुंभ आने वाले यात्रियों को जल्द से जल्द उज्जैन लाया जा सकेगा.

इंदौर-उज्जैन की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी
इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाईवे का यह यह हिस्सा आगे चलकर दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर और पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया से जुड़ेगा. जिससे मुंबई और दिल्ली से उज्जैन की तरफ आने वाले यात्रियों को फायदा होगा. महाराष्ट्र से आने वाली कमर्शियल और धार्मिक गाड़ियां बिना किसी रुकावट के सीधे उज्जैन महाकाल लोक पहुंच सकेंगी. पुणे और नागपुर की तरफ से आने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा होगा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इंटरकनेक्टिंग नेटवर्क की वजह से देश की राजधानी दिल्ली से आने वाला ट्रैफिक सीधे इस चौड़े और सुरक्षित मार्ग पर शिफ्ट हो सकेगा.
मध्यप्रदेश सरकार के विकासपरक प्रयासों से मजबूत हो रहा प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर
— PWD, MP (@pwdminmp) August 21, 2026
🔹 इंदौर–उज्जैन सिक्स लेन हाईवे से कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार@DrMohanYadav51 @CMMadhyaPradesh@MPRakeshSingh @JansamparkMP #LokNirmanSeLokKalyan #MadhyaPradesh #Connectivity #Indore #Ujjain pic.twitter.com/ujLWvjaQaH
एमपी का गुजरात से जुड़ाव
इंदौर उज्जैन हाईवे से मध्य प्रदेश गुजरात से और तेजी से कनेक्ट होगा. अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा जैसे शहरों से दूरी कम होगी. ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं, इंदौर वेस्टर्न बाईपास और इस नए सिक्स-लेन गलियारे के समन्वय से गुजरात के शहरों का जुड़ाव मालवा क्षेत्र से बेहद मजबूत हो जाएगा.
राजस्थान के यात्रियों को फायदा
राजस्थान बॉर्डर से सटे होने के कारण कोटा और जयपुर से इंदौर-उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को अब शहर के भीतर फंसे बिना बाईपास के जरिए सीधे सिक्स-लेन हाईवे का एक्सेस मिलेगा. जिससे जयपुर, कोटा और झालावाड़ जैसे शहरों से दूरी कम हो जाएगी. उज्जैन झालावाड़ के बीच बन रहा एक्सप्रेसवे इसी का हिस्सा है.
मध्यप्रदेश सरकार के विकासपरक प्रयासों से मजबूत हो रही सड़क कनेक्टिविटी
— PWD, MP (@pwdminmp) August 20, 2026
🔹 धार्मिक एवं औद्योगिक शहरों के बीच कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार@DrMohanYadav51 @CMMadhyaPradesh@MPRakeshSingh @JansamparkMP #LokNirmanSeLokKalyan #JansamparkMP #Indore #Ujjain pic.twitter.com/UOvJrbUrnB
भोपाल-उज्जैन की दूरी भी होगी कम
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से उज्जैन आने वाले यात्रियों के लिए भी सफर आसान होगा, प्रस्तावित नए भोपाल-इंदौर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और इस सिक्स-लेन के कारण भोपाल से उज्जैन की दूरी का समय लगभग 4 घंटे से घटकर 2 से ढाई घंटे रह जाएगा. ऐसे में भोपाल की तरफ से उज्जैन आने वाले यात्रियों को भी इसका फायदा होगा.
80 प्रतिशत काम पूरा
इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन हाईवे का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इसकी कुल लागत 1692 करोड़ रुपए रखी गई है. जनवरी 2027 तक इसके शुरुआत करने का लक्ष्य तय किया गया है. इस हाईवे से इंदौर उज्जैन के बीच ट्रैफिक का दबाव पूरी तरह से कम हो जाएगा. अब तक यह सड़क 4 लेन थी, लेकिन अब यह 6 लेन हो जाएगी, जिस पर गाड़ियां 120 की स्पीड से चलेगी. मार्ग में कुल 3 फ्लाईओवर, 8 अंडरपास और 8 जंक्शन बनाए जा रहे हैं, ताकि इंदौर उज्जैन के बीच आने वाले ग्रामीणों को परेशानियां न हो और सफर आसान हो सके. उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ आयोजन के लिहाज से यह अहम प्रोजेक्ट है.
ये भी पढ़ेंः भोपाल से दिल्ली 9 घंटे में, ग्वालियर, आगरा-मथुरा तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी, यूपी-एमपी समेत 4 राज्य जुड़ेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं