विज्ञापन

'संसाधनों का वेपोनाइजेशन'...पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कई देशों को दिखाया आईना

80वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत ने कैसे आत्मनिर्भरता बनाए रखी और ग्लोबलाइजेशन के खतरों के बारे में चेतावनी दी.

'संसाधनों का वेपोनाइजेशन'...पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कई देशों को दिखाया आईना
पीएम मोदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार प्रणाली के सामने आ रही चुनौतियों पर चिंता जाहिर की.
नई दिल्ली:

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए एक बेहद मजबूत और दुनिया को आईना दिखाने वाला भाषण दिया. अपने संबोधन में पीएम मोदी ने किसी भी देश का नाम लिए बिना वैश्विक मंच पर जारी स्वार्थ की राजनीति और 'संसाधनों के वेपोनाइजेशन' (हथियार बनाने) पर गहरा प्रहार किया. 

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वैश्विक संकटों के दौर में कुछ देशों ने अपनी जमीनों और संसाधनों तक को हथियार की तरह इस्तेमाल किया, लेकिन भारत ने अपनी मजबूत नीतियों और आत्म-निर्भरता के बल पर हर चुनौती को मात दी.

संकट के समय डराने वालों को दिया करारा जवाब

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में आए हालिया गंभीर संकट और उसके बाद उपजी वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब यह युद्ध शुरू हुआ था, तब देश के भीतर और बाहर कई लोगों ने डर का माहौल बनाने की कोशिश की थी.

पीएम मोदी ने कहा, "जब पश्चिम एशिया का संकट खड़ा हुआ, तो कुछ लोगों ने हमें डराने का प्रयास किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) का भारी संकट हो जाएगा और आपूर्ति ठप पड़ जाएगी."

पीएम ने कहा कि ऐसे संकट के समय में जहां कई राष्ट्रों ने अपनी व्यवस्थाओं और संसाधनों का वेपोनाइजेशन करके फायदा उठाने की कोशिश की, वहीं भारत ने अपनी समझदारी और समय पर उठाए गए ठोस कदमों से देश में कभी भी ऊर्जा और जरूरी सामानों की कमी नहीं होने दी. आज भारत में न तो पेट्रोल-डीजल की किल्लत है, न एलपीजी की और न ही किसानों के लिए आवश्यक यूरिया की.

वैश्वीकरण के लिए बढ़ते खतरे पर चेतावनी

अपने भाषण में पीएम मोदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार प्रणाली के सामने आ रही चुनौतियों पर चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब कई देश अपनी भौगोलिक सीमाओं और प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग दूसरों को दबाने या अनुचित लाभ उठाने के लिए कर रहे हैं, ऐसे में वैश्वीकरण का मूल ढांचा खतरे में पड़ रहा है.

40 देशों के साथ FTA

लाल किले से पीएम मोदी ने गर्व के साथ साझा किया कि आज पूरा विश्व भारत की क्षमताओं और आर्थिक शक्ति का लोहा मान रहा है. इसी का परिणाम है कि भारत ने दुनिया के 40 प्रमुख देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA - मुफ्त व्यापार समझौता) सफलतापूर्वक संपन्न कर लिए हैं. ये समझौते भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ-साथ देश के निर्यात और व्यापार को एक अभूतपूर्व सुरक्षा कवच प्रदान कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने 15 अगस्त पर पहनी खूबसूरत 'बंधेज' पगड़ी, स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिया खास मैसेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indepedence Day 2026, PM Modi Speech
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com