विज्ञापन

कमजोर मॉनसून का असर, 53.74 लाख हेक्टेयर में फसल की बुआई नहीं कर सके किसान

देश में इस साल अभी तक मॉनसून की रफ्तार धीमी रही है. जिस तरह की बारिश की उम्मीद की जा रही थी, वैसी बारिश नहीं हुई है. इसका सीधा असर पर खेती पर भी पड़ा है. धान, दहलन और तिलहन की बुआई में भारी गिरावट दर्ज की गई है.

कमजोर मॉनसून का असर, 53.74 लाख हेक्टेयर में फसल की बुआई नहीं कर सके किसान
कमजोर मॉनसून का असर खरीफ की बुआई पर पड़ा है.
IANS
  • इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून कमजोर रहा है और जून में औसत से करीब अड़तीस प्रतिशत कम बारिश हुई है.
  • खरीफ फसलों की बुआई में बड़ी गिरावट आई है, जो पिछले साल की तुलना में इस साल घटकर 182.72 लाख हेक्टेयर रह गई है.
  • चावल की बुआई में आठ लाख से अधिक हेक्टेयर की कमी आई है, जो पिछले साल के मुकाबले काफी कम है.
नई दिल्ली:

इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तक बेहद कमजोर रहा है. भारत मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून सीजन के दौरान 1 जून से 1 जुलाई के बीच देशभर में औसत से करीब 38% कम बारिश रिकॉर्ड की गई है. मॉनसून की बारिश में कमी का सबसे ज्यादा असर महत्वपूर्ण खरीफ फसलों की बुआई पर पड़ रहा है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के मुताबिक इस मॉनसून सीजन के दौरान देश में महत्वपूर्ण खरीफ फसलों की बुआई में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है.

कृषि मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट से मिली जानकारी

कृषि मंत्रालय की कृषि सांख्यिकी प्रभाग की ताजा "Progress of area coverage under Kharif crops" रिपोर्ट के मुताबिक देश में महत्वपूर्ण खरीफ फसलों की कुल बुवाई 25 जून, 2025 की तुलना में 25 जून, 2026 तक 53.74 लाख हेक्टेयर घट गयी है.

पिछले साल की बुआई से की गई है तुलना

देश में खरीफ फसलों की कुल बुवाई 25 जून, 2025 तक 236.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई थी, जो इस साल 25 जून, 2026 तक घटकर 182.72 लाख हेक्टेयर क्षेत्र तक सीमित रह गई. कृषि विभाग के मुताबिक, 25 जून, 2026 तक चावल की बुवाई में 8.65 लाख हेक्टेयर की गिरावट रिकॉर्ड की गयी है. देश में धान की फसल का कुल बुवाई क्षेत्र 25 जून, 2025 को 34.41 लाख हेक्टेयर था, जो इस साल 25 जून, 2026 तक घटकर 25.75 लाख हेक्टेयर रह गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

MSP बढ़ाए जाने के बाद भी कम बुआई

भारत सरकार और राज्य सरकारों देश में दलहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए किसान को प्रोत्साहित करती रही हैं, और दलहन फसलों की MSP में लगातार बढ़ोतरी की गई है. लेकिन इसके बावजूद कृषि विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 जून, 2026 तक दलहन की बुवाई भी 6.53 लाख हेक्टेयर इलाके में घट गयी है.

सबसे ज्यादा तिलहन की बुआई पर पड़ा असर

अलग-अलग दलहन की फसलों का कुल बुवाई क्षेत्र 25 जून, 2025 को 21.46 हेक्टेयर था, जो 25 जून, 2026 को घटकर 14.92 लाख हेक्टेयर रह गया! सबसे ज़्यादा गिरावट तिलहन की फसलों में देखी गयी है. तिलहन फसलों का कुल बुवाई क्षेत्र 25 जून, 2025 को 36.41 हेक्टेयर था, जो 25 जून, 2026 को करीब 19.42 लाख हेक्टेयर तक घटकर 16.99 लाख हेक्टेयर रह गया.

Latest and Breaking News on NDTV

इस साल कमजोर रही है मॉनसून की रफ्तार

कपास (Cotton) की फसल का बुआई क्षेत्र भी पिछले साल के मुकाबले इस साल 25 जून, 2026 तक 15.70 लाख हेक्टेयर तक घट गया है. दरअसल इस साल दक्षिण-पश्चिम मॉनसून नार्मल डेट से 3 दिन की देरी से 04 जून को केरल पहुंचा, और उसके बाद से पिछले करीब एक महीने के दौरान उसकी रफ़्तार बेहद कमज़ोर रही है.

अब अगले कुछ दिनों तक मॉनसून के लिए अच्छी स्थिति

हालांकि अगले कुछ दिनों के दौरान मॉनसून की स्थिति में सुधार की उम्मीद है! भारत मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पंजाब के कुछ और हिस्सों तथा राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं.

3 जुलाई, 2026 के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसकी वजह से अगले 5-6 दिनों के दौरान देश के मध्य भागों में मॉनसून के सक्रिय रहने की संभावना है.

गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 2 से 5 जुलाई के दौरान दक्षिण गुजरात क्षेत्र और कोंकण में; 2 जुलाई को तटीय कर्नाटक में; 2 से 5 तारीख के दौरान मध्य महाराष्ट्र में; और 3 व 4 जुलाई को दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. उम्मीद है, इन इलाकों में मॉनसून की स्थिति में आने वाले दिनों में सुधार होगा, जिससे खरीफ फसलों की बुआई में आई कमी की कुछ हद तक भरपाई हो सकेगी.

यह भी पढ़ें - मॉनसून पर सूखे का साया! जून में बारिश 50 से 92% तक कम, महाराष्ट्र-गुजरात से यूपी-दिल्ली तक बुरा हाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon, Monsoon 2026, Weak Monsoon 2026, Agriculture, Paddy Cultivation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com