विज्ञापन
This Article is From May 27, 2020

Weather Update: शुक्रवार के बाद मिल सकती है गर्मी से राहत, आंधी और हल्की बारिश का अनुमान

उत्तर और मध्य भारत में पिछले कई दिनों से लू जारी है और साथ ही कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा है लेकिन शुक्रवार से मौसम बदल सकता है.

Weather Update: शुक्रवार के बाद मिल सकती है गर्मी से राहत, आंधी और हल्की बारिश का अनुमान
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
  • उत्तर-मध्य भारत में 24 घंटों तक चलती रहेगी लू
  • IMD ने जारी किया अनुमान
  • चुरु में मंगलवार को दर्ज हुआ 50 डिग्री सेल्सियस तापमान
नई दिल्ली:

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) ने बुधवार को अगले 24 घंटे तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जाहिर की है. उत्तर और मध्य भारत में पिछले कई दिनों से लू जारी है और साथ ही कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा है. आईएमडी ने कहा है अभी गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है. अभी अगले 24 घंटों के लिए भी लू चलना जारी रहेगा. हालांकि, मौसम विभाग ने यह जरूर कहा है कि शुक्रवार के बाद धूलभरी आंधी आने और हल्की बारिश होने से मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता है. 

विभाग ने कहा, 'पश्चिमी विक्षोभ और पूर्व-पश्चिम कुंड के प्रभाव से 28-30 मई तक हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना है. 28 मई से उत्तरी भारत में अधिकतम तापमान कम होने के आसार हैं, वहीं 29 मई से लू की स्थिति में भी सुधार होगा. '

बता दें कि विभाग ने फिलहाल अगले 24 घंटों में लगातार लू चलने की आशंका जताई है. विभाग ने अपने अनुमान में कहा, ‘उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के निकटवर्ती आंतरिक हिस्सों और मैदानी भागों में जारी शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण, अभी चल रही लू के अगले 24 घंटे तक जारी रहने की आशंका है.' विभाग ने कहा कि विदर्भ, पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग जगह पर भीषण लू चलने की आशंका है.

अनुमान में कहा गया है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों और पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, तेलंगाना के सुदूर इलाकों और कर्नाटक के उत्तरी आतंरिक इलाकों में अगले 24 घंटे तक लू चलने की आशंका है. साथ ही IMD ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से 29 और 30 मई को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. इस दौरान, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना भी है.

वीडियो: उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप, कई राज्यों में दो दिन के लिए जारी किया गया रेड अलर्ट
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IMD Predictions, Heat Waves, Weather Predictions
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com