विज्ञापन

IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड मामला: क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर डूला से 10 घंटे की पूछताछ, जानें क्या-क्या पूछे सवाल

साहिल वाकोडे के माता-पिता पिछले 6 दिन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी मुख्य मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए.

IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड मामला: क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर डूला से 10 घंटे की पूछताछ, जानें क्या-क्या पूछे सवाल
  • मुंबई क्राइम ब्रांच ने IIT बॉम्बे के छात्र सुसाइड मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से 10 घंटे तक पूछताछ की
  • प्रोफेसर डूला ने साहिल को परेशान करने और जाति-आधारित टिप्पणियों के आरोपों का स्पष्ट रूप से इनकार किया है
  • साहिल के माता-पिता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर छह दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं
मुंबई:

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे आत्महत्या मामले की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की और बयान दर्ज किया. साहिल के माता-पिता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि प्रोफेसर डूला ने साहिल को प्रताड़ित किया था. इसी आरोप को लेकर क्राइम ब्रांच ने प्रोफेसर से साहिल की मौत से पहले की घटनाओं और उसके साथ हुई बातचीत से जुड़े सवाल पूछे. इस दौरान प्रोफेसर डूला ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया है.

क्राइम ब्रांच ने अब तक इस मामले में लगभग 45 लोगों के बयान दर्ज किए हैं. जांचकर्ता CCTV फुटेज और साहिल के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से मिले फोरेंसिक डेटा की भी जांच कर रहे हैं.

क्राइम ब्रांच ने डूला से क्या पूछा?

प्रोफेसर डूला से साहिल वाकोडे की मौत से पहले की घटनाओं और साहिल के साथ उनकी बातचीत के बारे में पूछताछ की गई, जिसमें 18 सितंबर को परीक्षा के दौरान हुई घटनाएं भी शामिल थीं. उन्होंने साहिल को परेशान करने या जाति-आधारित टिप्पणी करने से इनकार किया.

क्राइम ब्रांच ने खास तौर पर ये पता लगाने की कोशिश की कि परीक्षा हॉल के अंदर दोपहर करीब 12:30 बजे से 12:45 बजे के बीच डूला और साहिल के बीच क्या हुआ था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या डूला और साहिल के बीच पहले भी कोई बातचीत हुई थी.

Latest and Breaking News on NDTV

सूत्रों के मुताबिक, साहिल के परिवार की शिकायत के आधार पर FIR में नामजद डूला ने पूछताछ के दौरान परेशान करने के आरोपों से इनकार किया. क्राइम ब्रांच इस बयान की तुलना CCTV फुटेज, गवाहों के बयानों और जांच के दौरान इकट्ठा किए गए अन्य सबूतों से कर रही है. खबरों के मुताबिक, CCTV में परीक्षा हॉल की घटना और उसके बाद साहिल का अपने हॉस्टल के कमरे में लौटना कैद हुआ है.

पुलिस ने अब तक लगभग 45 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें साहिल के माता-पिता, साथी छात्र, हॉस्टल स्टाफ और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान शामिल हैं. साहिल के दो मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट को फोरेंसिक जांच और डेटा रिकवरी के लिए FSL भेजा गया है.

पुलिस परीक्षा के दौरान कथित तौर पर ChatGPT के इस्तेमाल से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. जांच के दौरान बयान दर्ज करने के लिए क्राइम ब्रांच द्वारा IIT-बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष केदारे को भी बुलाए जाने की संभावना है.

सूत्रों के अनुसार, प्रोफेसर डूलू से पूछे जाने वाले संभावित सवाल ये थे -

  • परीक्षा हॉल में साहिल के फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के बाद, उसके और डूला के बीच असल में क्या हुआ?
  • दोपहर 12:30 से 12:45 के बीच दोनों के बीच क्या बातचीत हुई?
  • साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर जाने के लिए क्यों कहा गया और उसके तुरंत बाद क्या हुआ?
  • क्या परीक्षा वाली घटना से पहले डूला की साहिल से कोई बातचीत हुई थी?
  • जाति-आधारित टिप्पणियों/परेशान करने के बारे में साहिल के परिवार के खास आरोप - हर आरोप पर डूला का क्या जवाब था?
  • क्या डूला ने परीक्षा वाली घटना की जानकारी IIT के सीनियर अधिकारियों को दी थी, और कब?
  • परीक्षा के दौरान फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए छात्र के लिए क्या आधिकारिक प्रक्रिया थी?
  • क्या परीक्षा हॉल से बाहर जाने के बाद डूला की साहिल से कोई बातचीत हुई?

पुलिस डूला के बयान की तुलना CCTV फुटेज और वहां मौजूद छात्रों या दूसरे अधिकारियों के बयानों से भी कर सकती है.

भूख हड़ताल पर बैठे हैं साहिल वाकोडे के माता-पिता

इधर साहिल वाकोडे के माता-पिता पिछले 6 दिन से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनकी मुख्य मांग है कि एफआईआर में जिन लोगों के नाम हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. वे प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी और अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक मेरी यह मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

गौरतलब है कि एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक के दूसरे साल के छात्र वाकोडे 18 सितंबर की शाम को पवई कैंपस में अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटके पाए गए थे. यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटों बाद हुई थी. शुरुआती रिपोर्टों से पता चला था कि वाकोडे ने परीक्षा का प्रश्न-पत्र एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के लिए अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था. हालांकि, बाद में संस्थान ने घटना के बारे में विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया था.

इसे भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र सुसाइड केस में नया मोड़, न्याय की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठेंगे पीड़ित के माता-पिता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Suryanarayana Doolla, IIT Bombay Student Suicide Case, Mumbai Crime Branch, Mumbai Crime Branch IIT Bombay
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com