- पुलिस ने मेहदीपटनम इलाके में अनहाइजीनिक कंडीशंस में आइसक्रीम और लस्सी बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा.
- फैक्ट्री मालिक सैयद मुशरफुद्दीन को घटिया सामग्री और हानिकारक केमिकल्स के उपयोग के आरोप में गिरफ्तार किया गया.
- छापेमारी में भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल, मशीनरी और पैकिंग सामग्री जब्त की गई है.
हैदराबाद पुलिस ने मेहदीपटनम इलाके में अनहाइजीनिक कंडीशन में चलाई जा रही एक आइसक्रीम और लस्सी बनाने वाली फैक्ट्री पर बुधवार को छापा मारकर 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. छापेमारी के ऑपरेशन को गोलकोंडा जोन कमिश्नर टास्क फोर्स और मेहदीपटनम पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है. यह छापा अहमद नगर, फर्स्ट लांसर, बड़ा बाजार इलाके में स्थित 'आलिया आइसक्रीम पार्लर' पर मारा गया. पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक सैयद मुशरफुद्दीन को बेहदअनहाइजीनिक कंडीशन में आइसक्रीम और लस्सी का बनाने और सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
फैक्ट्री में चारों ओर गंदगी
हैदराबाद पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के मकसद से घटिया सामग्री और हानिकारक केमिकल्स का इस्तेमाल कर रहा था. फैक्ट्री में साफ-सफाई का भी बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया था, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार माल, कच्चा माल और मशीनरी बरामद की हैं. टीम ने आइसक्रीम के 92 पैकेट जब्त किए, जिनमें प्रत्येक पैकेट में 180 पीस थे. इसके अलावा लस्सी के 20 पैकेट (प्रत्येक में 210 पीस) और लगभग 300 गिलास तैयार लस्सी भी बरामद की गई.

क्या-क्या किया गया जब्त
पुलिस अधिकारियों ने मौके से करीब 10-10 किलो वजन की दही से भरी 15 बाल्टियां, 50 किलो चीनी, 8 किलो साइट्रिक एसिड और 500 ग्राम सुक्रोज जब्त किया. जांच में आम, संतरा और ब्लूबेरी फ्लेवर के उपयोग की भी पुष्टि हुई. मशीनरी में एक आइस कैंडी बनाने की मशीन, एक लस्सी बनाने की मशीन, तीन पैकिंग मशीनें, दो हैंड-पैकिंग मशीनें और लस्सी के गिलास पैक करने की एक मशीन शामिल हैं. इसके अलावा छह रेफ्रिजरेटर और बड़ी संख्या में पैकिंग कवर भी जब्त किए गए.
ये भी पढ़ें :- विशाखापट्टनम में श्रद्धा वॉकर जैसा कांड: अवैध संबंधों में कत्ल, प्रेमिका की लाश को काटकर फ्रिज में छिपाया
जब्त सामान की कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा
पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 5.44 लाख रुपये है. टास्क फोर्स ‘ए' के एडीसीपी श्रीनिवास राव ने बताया, "आरोपी गंदे तरीके से आइसक्रीम और लस्सी बना रहा था और शहर के विभिन्न हिस्सों में ग्राहकों को सप्लाई करते समय हानिकारक केमिकल्स का इस्तेमाल कर रहा था. सिर्फ मुनाफा कमाने के लिए वह लोगों की हेल्थ के साथ खिलवाड़ कर रहे थे."
मेहदीपटनम पुलिस स्टेशन में मुशरफुद्दीन के खिलाफ गंदे तरीके से बनाई गई आइसक्रीम और लस्सी बनाकर बेचने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन प्रोडक्ट्स की सप्लाई शहर के किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इस अवैध धंधे में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं.
ये भी पढ़ें :- वंदे भारत के खाने से बिगड़ी महिला की तबीयत! बच्चे को हुआ डायरिया, शिकायत पर IRCTC ने दिया ये जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं