विज्ञापन

पत्नी ने की पति की खौफनाक हत्या, 35 सेमी तक पेट चीरा; आंतें बैग में भरते देख मकान मालिक रह गया सन्न

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक महिला पर अपने पति की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या करने का आरोप है. पोस्टमार्टम में पेट 35 सेंटीमीटर तक चीरा मिला और मकान मालिक ने महिला को बाहर निकली आंतों को बैग में भरते हुए देखने का दावा किया है.

पत्नी ने की पति की खौफनाक हत्या, 35 सेमी तक पेट चीरा; आंतें बैग में भरते देख मकान मालिक रह गया सन्न
राजेश ने करीब एक साल से मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरा किराए पर ले रखा था.
NDTV

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक मकान में पति की बेरहमी से हत्या कर दी गई. लेकिन अब इस मामले में चौकाने वाली बातें सामने आ रही हैं. पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास रहने वाली महिला ने अपने पति राजेश पर चाकुओं से इतने ताबड़तोड़ वार किए और उसका पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक बुरी तरह चीर दिया.

मृतक के पोस्टमार्टम के दौरान भी मामले की भयावहता सामने आई. जांच में पता चला कि चाकूओं के वार से राजेश का पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक खुल गया था. पेट पर इतनी गहरी चोटें थीं कि आंतें शरीर से बाहर आ चुकी थीं. पोस्टमार्टम के दौरान मृतक का करीब आधा लीवर और दाईं ओर की किडनी भी नहीं मिली.

बैग में आंतों को डाल रही थी महिला

हत्या के बाद महिला आंतों को एक बैग में डाल रही थी. इसी दौरान मकान मालिक शोर सुनकर छत पर पहुंच गया. उसे देखकर महिला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है. वह करीब एक साल से पत्नी विमला देवी के साथ कुरुक्षेत्र में रह रहा था और पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था.

पोस्टमार्टम में सामने आईं हैरान करने वाली बातें

मकान मालिक रिंकू के अनुसार, राजेश ने करीब एक साल से मकान की ऊपरी मंजिल पर कमरा किराए पर ले रखा था. शाम करीब 5 बजे उसे राजेश और विमला के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी. शोर सुनकर वह छत पर पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गया. राजेश खून से लथपथ पड़ा था और उसका पेट बुरी तरह चीरा हुआ था.

रिंकू के अनुसार, वह कमरे की तरफ गया तो उसने देखा कि राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को विमला एक बैग में डाल रही थी. मकान मालिक को सामने देखकर महिला घबरा गई और उसने छत से नीचे छलांग लगा दी. गिरने से वह घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.

छोटे-बड़े तीन चाकू बरामद

सूचना मिलने के बाद थर्ड गेट प्रभारी सतीश गौड़ और केयूके प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से छोटे-बड़े तीन चाकू बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है.

मकान मालिक के मुताबिक, विमला झाड़-फूंक का काम भी करती थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और पुलिस उसके बयान लेने का प्रयास कर रही है.

कई साल पहले हुई थी शादी, कोई संतान नहीं

जानकारी के अनुसार राजेश और विमला की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन दंपति के कोई संतान नहीं थी. पुलिस अब दंपती के आपसी संबंधों, विवादों और हत्या से पहले की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि महिला के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: पति भी चाहिए और प्रेमी भी... यूपी की इस महिला ने रख दी अजब डिमांड, थाने पहुंचा मामला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Haryana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com