विज्ञापन

सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कंपनी को भेजा आखिरी ईमेल, फ‍िर पत्नी की हत्या कर खुद ने भी दी जान!

गुरुग्राम की एम3एम मरीना सोसाइटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी पत्नी मृत मिले. पुलिस को सुसाइड नोट और कंपनी को भेजा गया ईमेल मिला है. शुरुआती जांच में पत्नी की हत्या के बाद इंजीनियर द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई गई है.

सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कंपनी को भेजा आखिरी ईमेल, फ‍िर पत्नी की हत्या कर खुद ने भी दी जान!
मृतकों की श‍िनाख्‍त 28 वर्षीय फरहाना और 30 वर्षीय मोहम्मद असलम के रूप में हुई है.

गुरुग्राम की एम3एम मरीना सोसाइटी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी पत्नी की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से पहले इंजीनियर ने अपनी आईटी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल भेजा था. इसमें उसने अपने पिता और मकान मालिक के मोबाइल नंबर शेयर करते हुए उन्हें सूचना देने के लिए कहा था. कंपनी के अधिकारियों ने ईमेल मिलने के बाद मकान मालिक से संपर्क किया, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को एम3एम मरीना सोसाइटी में एक महिला और पुरुष के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम जब सोसाइटी के टावर नंबर-7 के फ्लैट नंबर-103 में पहुंची, तो महिला का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि पुरुष का शव पंखे के हुक से लटका हुआ था. मृतकों की श‍िनाख्‍त 28 वर्षीय फरहाना और 30 वर्षीय मोहम्मद असलम के रूप में हुई है. फरहाना केरल की रहने वाली थी, जबकि असलम मूल रूप से कर्नाटक के बेंगलुरु का निवासी था. दोनों पति-पत्नी थे और सोसाइटी के फ्लैट में साथ रहते थे. असलम सेक्टर-58 स्थित एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था, जबकि फरहाना गृहिणी थी.

घटना से पहले कंपनी के अधिकारियों को भेजा ईमेल

जानकारी के अनुसार, असलम ने अपनी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को ईमेल लिखकर अपनी जिंदगी समाप्त करने की बात कही थी. साथ ही उसने ईमेल में अपने पिता और मकान मालिक के मोबाइल नंबर दिए थे और उनसे संपर्क कर सूचना देने को कहा था. ईमेल मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने मकान मालिक को फोन किया. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची. हालांकि, जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. अब पुलिस इस ईमेल और घटनाक्रम के बीच संबंध की जांच कर रही है.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सुसाइड नोट भी मिला

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया. टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस को फ्लैट से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि असलम ने कथित तौर पर फरहाना की गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या की. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ईमेल, सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

बादशाहपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस के अनुसार, परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौतों से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

यह भी पढ़ें- क‍िसान का बेटा बना IPS तो सूदखोरों से छुड़ा लाया 100 करोड़ की जमीन, कौन हैं व‍िजय स‍िंह गुर्जर? 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram, Software Engineer, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com