- दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और उत्तर भारत के कई राज्यों में उमस भरी गर्मी के बीच मॉनसून की बारिश का इंतजार
- अगले 5-6दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में सक्रिय होने की संभावना है
- उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य इन दिनों उमस भरी गर्मी से जूझ रहे हैं. दिल्ली में पिछले दो वर्षों में रविवार को सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई. माहौल ये है कि घर से बाहर निकलते ही पसीने आने शुरू हो जाते हैं. ऐसे में लोग मॉनसून की बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मानें तो अगले 5-6 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत के दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई है. हालांकि, आईएमडी ने सोमवार यानि आज भी गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है और अधिकतम 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई है. आइए बताते हैं कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, मुंबई, केरल और तमिलनाडु में आज कैसे रहेगा मौसम का मिजाज?
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए IMD का अलर्ट जारी
अगर आप उत्तराखंड के पहाड़ों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम विभाग का अलर्ट जरूर पढ़ लीजिए. अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को मानसून का उत्तरी हिस्सा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजरा. आईएमडी ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है और राज्य के पहाड़ी ज़िलों पर नजर रखने को कहा है. इन पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान चलने, मूसलाधार बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है.
- बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या आंधी-तूफान आने की संभावना है.
- पहाड़ी जिलों और ऊधम सिंह नगर जिले में भी कुछ जगहों पर ऐसी ही हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
- हरिद्वार जिले में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने या आंधी-तूफान चलने की संभावना है. देहरादून में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने या आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है.
- दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने या आंधी-तूफान चलने की संभावना है.
- राजधानी शहर देहरादून में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.

प्रयागराज सबसे गर्म... पारा 43 के पार
उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय नहीं होने के बीच लोग उमस भरी भीषण गर्मी से बेहाल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में मानसून अभी तक पूरी तरह सक्रिय नहीं होने के बीच अनेक स्थानों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. हवा में नमी की वजह से लोग उमस वाली भीषण गर्मी से जूझ रहे. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान प्रयागराज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 29 जून को उत्तर प्रदेश में लू चलने की चेतावनी भी दी है, जो कुछ स्थानों पर गंभीर रूप ले सकती है.
मानसून की क्या है स्थिति?
आईएमडी ने बताया, अगले पांच से छह दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर भारत के कई राज्यों में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. वहीं, मौसमी बारिश में देरी के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दो वर्षों की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई. आईएमडी ने बताया, अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित कुछ अन्य राज्यों के क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.' विभाग के अनुसार, इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में मानसून के उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में आगे बढ़ने की संभावना है.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली-यूपी में भीषण गर्मी रहेगी जारी, इन राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के मुताबिक, यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो दिल्ली में चार जुलाई तक मानसून पहुंचने की संभावना है. इस बीच, दिल्ली में पिछले दो वर्षों में रविवार को सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई जहां न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से 3.2 डिग्री अधिक है, जबकि अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इससे पहले 14 जून, 2024 को शहर का न्यूनतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार के लिए विभाग ने गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

ये भी पढ़ें:- मॉनसून की पहली बारिश से थम गई मुंबई, लोकल ट्रेनों पर असर, दादर- बांद्रा, अंधेरी तक ट्रैफिक ठप रहा
केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 जून को केरल के कुछ स्थानों पर भारी (7–11 सेमी) से अत्यधिक भारी (12–20 सेमी) वर्षा की संभावना है. 27, 30 जून तथा 1 और 2 जुलाई को केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश (7–11 सेमी) की संभावना है. 28 और 29 जून को लक्षद्वीप में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश (7–11 सेमी) की संभावना है. आईएमडी के अनुसार 1 जुलाई तक केरल और लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, क्षेत्रीय मौसम केंद्र (आरएमसी) ने तमिलनाडु के छह जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान लगाया है. तटीय आंध्र प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र तक फैले ऊपरी हवा के ट्रफ (गर्त) का असर दक्षिणी भारत के मौसम पर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, ऊपरी हवा का एक ट्रफ (कम दबाव का क्षेत्र) तटीय आंध्र प्रदेश से तेलंगाना और आसपास के इलाकों से होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक फैला हुआ है. इसके असर से अगले सप्ताह तमिलनाडु के कई हिस्सों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और कराईकल में भी छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं