हिमाचल प्रदेश के मंडी में बड़ा हादसा हुआ है. मंडी के लडभड़ोल में एक कार 200 फुट गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में कार सवार सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा लडभड़ोल पेट्रोल पंप के पास हुआ. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगो पहुंच गए. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई. हादसे में कार सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कार में मौजूद लोग आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं. यह हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए.

शिमला में कार के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत
इससे पहले सोमवार को भी हिमाचल प्रदेश के शिमला में ऐसा ही हादसा हुआ था, जहां एक कार के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, हादसा रामपुर उपमंडल में रामपुर-गौरा संपर्क मार्ग पर सुबह लगभग तीन बजे हुआ. बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार 700-800 फुट गहरी खाई में जा गिरी.
इसने बताया कि पांच लोग एक समारोह में शामिल होने के बाद कार से लौट रहे थे कि इसी दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान जागोचा गांव के निवासियों रामानंद (60), ओम प्रकाश (41) और हमिंद्र (37) के रूप में हुई है. घायलों राकेश कुमार और रविंदर कुमार को खानरी स्थित महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भर्ती कराया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं