विज्ञापन

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, राजौरी में बह गई 200 से ज्यादा गाड़ियां, देखें Video

Jammu-Kashmir Flood: जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. राजौरी जिले में बड़ी संख्या में गाड़ियां पानी में बह गई. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, राजौरी में बह गई 200 से ज्यादा गाड़ियां, देखें Video
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात
  • जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. राजौरी जिले में तेज बारिश हुई है.
  • बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा और वैष्णों देवी यात्रा पर भी अस्थाई रोक लगा दी गई है.
  • मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना जताई है.
जम्मू-कश्मीर:

जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी से खराब हो रहा है. बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से यहां बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. राजौरी, अनंतनाग, उधमपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की स्थिति बनी है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक घाटी और जम्मू संभाग के कई जिलों में भारी बारिश, तेज बौछारों और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की है. राजौरी जिले में सबसे ज्यादा नुकसान की संभावना है, यहां बाढ़ के पानी से भारी नुकसान हुआ है. वहीं खराब मौसम की वजह से श्री अमरनाथ यात्रा और श्री माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप फिलहाल स्थगित कर दिया है.

राजौरी में बह गई 200 से ज्यादा गाड़ियां 

राजौरी जिले में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक यहां रात से ही झमाझम बारिश जारी है. ऐसे में धरहल नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद यहां 200 या 250 से ज्यादा गाड़ियां बाढ़ के पानी में बह गई हैं. जिसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है. बस स्टैंड का तो कोई नामो-निशान ही नहीं बचा है, फिलहाल हर जगह पर पानी भरा हुआ दिख रहा है. राजौरी के कई निचले इलाकों में पानी भरने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. 

कश्मीर में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा न करें और नदियों, नालों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों से दूर रहें. नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है. 

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त 

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में बाढ़ आई है. बताया जा रहा है कि किश्तवाड़ जिले में 4 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए  पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. जिसमें लोगों को अगले तीन दिनों तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. क्योंकि मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है. 

ये भी पढ़ेंः आज का मौसम: यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में IMD का नया अपडेट

श्रीनगर-उधमपुर में सुबह से तेज बारिश 

श्रीनगर में भी सुबह से तेज बारिश हो रही है. यहां मौसम में रात से ही नमी देखी जा रही थी. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक यहां अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है. श्रीनगर में बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट हो गई है. उधमपुर शहर में भी झमाझम बारिश हो रही है. प्रशासन ने यहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. जबकि बेवजह यात्रा न करने की अपील भी की गई है. 

19 से 23 जुलाई तक तेज बारिश की संभावना 

मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है. विशेष रूप से जम्मू मंडल के जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जहां शाम और देर रात के समय मूसलाधार बारिश होने की आशंका सबसे अधिक है. जम्मू-कश्मीर की प्रमुख नदियों और पहाड़ी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. 

अमरनाथ और वैष्णों देवी यात्रा स्थगित 

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की वजह से 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा और वैष्णों देवी यात्रा स्थगित हो गई है. पहाड़ों पर भूस्खलन की संभावना को ध्यान में रखते हुए पहलगाम और बालटाल दोनों पारंपरिक मार्गों से अमरनाथ यात्रा पूरी तरह रोक दी गई है. यहां से भक्तों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई है.

इसी तरह कटरा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी एहतियातन कदम उठाते हुए रविवार से यात्रा रोक दी है. क्योंकि लगातार बारिश की वजह से यात्रा मार्ग में पानी भरा है. जम्मू के संभागीय आयुक्त रमेश कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे उधमपुर, जम्मू और रामबन में बने निर्धारित आवास केंद्रों में ही रहें और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करें. क्योंकि अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है.

सीएम उमर अब्दुल्ला ले रहे अपडेट

जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह रविवार सुबह से ही राजौरी शहर और आसपास के इलाकों की स्थिति पर नजर बना हुए हैं. उन्होंने स्थानीय विधायकों से संपर्क किया और और लोगों को लगातार सुविधाएं पहुंचाने की अपील की है. क्योंकि लोगों को बाढ़ से सुरक्षित बचाना पहली प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद देगी. स्थानीय प्रशासन की मदद से बचाव और राहत टीमों ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं.  मौसम विभाग ने एक एडवाइजरी जारी कर 23 जुलाई तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है. अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और स्थिति पर नज़र रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए हैं. 

ये भी पढ़ेंः हिमाचल के किन्नौर में फ्लैश फ्लड का कहर, सांगला-छितकुल सड़क बंद; ITBP कैंप में भरा मलबा, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu-Kashmir Flood, Kashmir Rain Update, Jammu Kashmir Weather, Flood Video, Kashmir Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com