विज्ञापन
This Article is From Feb 20, 2026

आलू की आड़ में शराब तस्करी! शराबबंदी वाले इस राज्‍य में हाईवे पर पकड़ी गई 46 लाख की विदेशी शराब 

पुलिस ने जब तलाशी ली, तो ऊपर से देखने पर ट्रक में करीब 80 बंडल आलू के लदे थे, लेकिन जैसे ही पुलिस ने कट्टों को हटवाया, नीचे विदेशी शराब की बोतलें बरामद हो गईं.

आलू की आड़ में शराब तस्करी! शराबबंदी वाले इस राज्‍य में हाईवे पर पकड़ी गई 46 लाख की विदेशी शराब 

राज्य में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं. पाटन लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने सिद्धपुर हाईवे पर एक बड़े ऑपरेशन में आलू से भरे ट्रक के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त की है. पुलिस के मुताबिक, तस्कर सब्जियों की आड़ में शराब की सप्लाई करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सतर्कता के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई.

आलू के कट्टों के नीचे छिपी थीं हजारों बोतलें

LCB टीम को पेट्रोलिंग के दौरान पुख्ता इनपुट मिला था कि पालनपुर से मेहसाणा की ओर एक ट्रक में अवैध शराब ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने सुजानपुर पाटिया के पास ट्रक (RJ-19-GK-4666) को रोककर तलाशी ली.

ऊपर से देखने पर ट्रक में करीब 80 बंडल आलू के लदे थे, लेकिन जैसे ही पुलिस ने कट्टों को हटवाया, नीचे विदेशी शराब की बोतलें बरामद हो गईं. अधिकारियों के अनुसार, कुल 7,812 बोतलें मिलीं, जिनकी कीमत करीब ₹46,02,960 बताई जा रही है.

राजस्थान का ड्राइवर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

इस मामले में ट्रक ड्राइवर पप्पूराम उर्फ पवन जेताराम जाट (निवासी कलाथल, राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि खेप के पीछे जोधपुर का प्रधान जाट और मेहसाणा का एक अन्य शख्स शामिल है. पुलिस अब दोनों मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

56 लाख रुपये से ज्यादा के सामान की जब्ती

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब के अलावा ट्रक और अन्य सामान भी जब्त किया है. कुल जब्ती का आंकड़ा 56,23,210 रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है. आरोपी के खिलाफ सिद्धपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

  • विदेशी शराब: 46,02,960 रुपये
  • ट्रक: करीब ₹10 लाख
  • अन्य सामान: आलू के बंडल, मोबाइल फोन और नकदी

शराबबंदी के बीच तस्करी के नए तरीके

गुजरात में शराबबंदी के कारण तस्कर अक्सर नए तरीकों से पुलिस को चकमा देने की कोशिश करते हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सब्जियों और फलों की आड़ में तस्करी की यह कोशिश बताती है कि नेटवर्क कितना संगठित है. फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat News, Gujarat Liquor News, Gujarat Liquor Raid, Gujarat Police, Gujarat Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com